फिरोजपुर में 7 घंटे के भीतर सगे भाइयों की हार्ट अटैक से मौत हो गई। पहले बड़े भाई की मौत हुई। जिसका अंतिम संस्कार किया गया। इसमें छोटा भाई भी शामिल हुआ। बड़े भाई की मौत से वह काफी दुखी था। घर लौटकर वह बड़े भाई के कमरे में जाकर उसके बिस्तर पर लेट गया। दोपहर में छोटे भाई ने भी हार्ट अटैक से दम तोड़ दिया। इससे परिवार में गम का माहौल है। लोग भी दोनों भाईयों का एक साथ जिंदगी छोड़ने से हैरान हैं। सुबह 8 बजे बड़े भाई का निधन
जानकारी के मुताबिक फिरोजपुर के कुलगढ़ी के रहने वाले रजवंत सिंह संधू (71) की सोमवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। सुबह करीब 8 बजे उन्हें हार्ट अटैक आ गया। परिजन उन्हें संभालकर अस्पताल ले जाते, उससे पहले ही रजवंत ने अंतिम सांस ले ली। इसके बाद घर में मातम छा गया। तुरंत रिश्तेदारों को बुलाया गया। छोटा भाई उदास हुआ, अंतिम संस्कार से लौटा
बड़े भाई की मौत से छोटा भाई भगवंत सिंह संधू (69) काफी उदास हो गया। वह काफी देर तक अकेला बैठा रहा। इस दौरान रिश्तेदार इकट्ठा हुए। दोपहर करीब 1 बजे बड़े भाई की अंतिम यात्रा निकाली गई। जिसमें छोटा भाई भी मौजूद रहा। इसके बाद श्मशान में रजवंत संधू का अंतिम संस्कार किया गया। बड़े भाई के बिस्तर पर जाकर लेट गया
परिजनों के मुताबिक सारे लोग श्मशान से वापस लौटे तो सब वहां बैठे हुए थे। छोटा भाई भगवंत काफी उदास था। वह भाई को याद करते हुए उसके कमरे में चला गया। फिर वह वहीं बिस्तर पर जाकर लेट गया। फिर वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला। लोगों ने सोचा कि बड़े भाई की मौत से दुख की वजह से ऐसा हुआ। मगर, दोपहर 3 बजे जब परिवार के लोग उठाने गए तो भगवंत संधू भी प्राण त्याग चुका था। एक ही बिस्तर पर दोनों ने दम तोड़ा
परिजनों के मुताबिक जिस बिस्तर पर सुबह बड़े भाई ने अंतिम सांस ली, उसी पर दोपहर में छोटे भाई ने भी दम तोड़ दिया। दोनों के बीच मौत का अंतर महज 7 घंटे का रहा। परिवार के लोग भी हैरान थे कि अचानक ऐसा क्या हुआ कि एक ही दिन में दोनों भाईयों ने दम तोड़ दिया। दोनों भाई पेशे से किसान थे।