सिरसा नगर परिषद मीटिंग में BJP जिंदाबाद-मुर्दाबाद के लगे नारे:पार्षदों ने किया हंगामा, चेयरमैन शांत रहे, भाजपा पार्षद ने हाथ जोड़ माफी मांगी

सिरसा में नगर परिषद हाउस की आज (सोमवार) शाम को मीटिंग संपन्न हुई। मीटिंग में नगर परिषद के चेयरमैन वीर शांति स्वरूप और सभी पार्षद पहुंचे। मीटिंग समाप्त होने पर चेयरमैन वीर शांति स्वरूप प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस बीच बीजेपी पार्षद मनीष बंसल ने जोश-जोश में भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा दिए। इस पर कांग्रेस और बाकी पार्षदों ने नाराजगी जताई और हंगामा हो गया। पार्षद बोले- ये सिरसा के विकास कार्यों के लिए मीटिंग थी और पार्षद भाईचारा है। इसमें किसी पार्टी का नाम नहीं लेना चाहिए। कांग्रेस पार्षदों ने कांग्रेस जिंदाबाद और बीजेपी मुर्दाबाद के नारे लगाए। चेयरमैन भी शांत रहे और बाकी बीजेपी पार्षदों ने ऐतराज जताया। बाकी पार्षद बीजेपी पार्षद के माफी मांगने पर अड़े रहे। हंगामा बढ़ता देख बीजेपी पार्षद मनीष बंसल ने हाथ जोड़ माफी मांगी और कहा-किसी की भावना को ठोस पहुंचाना नहीं था। जिसके बाद मामला शांत हुआ और पार्षदों ने आरोप लगाए कि मीटिंग में कई पार्षदों से विकास कार्यों पर पूछा तक नहीं गया और न ही पिछली मीटिंग के कार्यों की पुष्टि की। पार्षद गोपीराम सैनी और राजेश सरदाना ने आरोप लगाए कि वे अपने-अपने वार्डों की लिस्ट बनाकर लाए थे, पर उन पर कोई चर्चा नहीं की। चेयरमैन ने उनके सवालों का जवाब तक नहीं दिया। वहीं, चेयरमैन वीर शांति बोले-सभी पार्षदों के जो कार्य थे, वे पास कर दिए हैं, हो जाएंगे। मीटिंग में सभी को जानकारी दी है। क्या एजेंडे पास हुए, वो जानकारी नहीं दी। ठेकेदार झूथरा को ब्लैक लिस्ट करने की पार्षदों की मांग पार्षद अनु मल्होत्रा एवं पार्षद रमेश मेहता ने बताया कि कुछ पार्षदों ने मीटिंग में ठेकेदार विजय झूथरा को ब्लैक लिस्ट करने की मांग उठाई है। आरोप लगाए कि इस ठेकेदार ने पूरे शहर में सड़कें व गलियां उखाड़कर रख दी और सही ढंग से निर्माण कार्य भी नहीं करवाए। ये भी आरोप लगाए कि ये ठेकेदार पार्षदों के फोन नहीं उठाते हैं। इस पर नगर परिषद ईओ सुमन लता ने विचार एवं जांच करवा कार्रवाई का आश्वासन दिया। पार्षद बोले-ठेकेदार का पता ही नहीं होता, न फोन उठाते, ईओ-अब आपको सूचना देगा मीटिंग के दौरान कुछ पार्षदों ने आरोप लगाए कि उनको ये तक पता नहीं होता कि उनके वार्ड में कौन ठेकेदार काम कर रहा है और न ही कोई ठेकेदार फोन उठाते हैं। चेयरमैन कहते हैं कि वार्डों में पार्षदों को काम के पैसे दे दिए। उनको जानकारी तक नहीं होती। इस पर ईओ सुमन लता ने पार्षदों को आश्वासन दिया कि वे अब नई आई है, आप विश्वास रखे। आगे से ठेकेदार और जेई वार्ड के पार्षद को सूचित करेगा और काम के बारे में बताएगा। वार्ड में किए गए कार्यों पर संबंधित पार्षद के हस्ताक्षर के बाद ही ठेकेदार को पेमेंट की जाएगी। इस पर पार्षदों से सहमति जताई। वरना पार्षदों के कई दिनों से ये आरोप चल रहे थे। वार्ड 31 में पार्क के नामकरण पर लगी मुहर वार्ड 31 से पार्षद अनू मल्होत्रा ने ग्रीन बेल्ट वन में पार्क का नाम मां भगवती सुंदर वन पार्क के नाम रखने की मांग रखी। जिस पर हाउस मीटिंग में मुहर लग गई और एजेंडा पास कर दिया। पार्षद अनू ने बताया कि मां भगवती संस्था ने ये लिखकर दिया है कि पार्क में किसी तरह का अवैध निर्माण नहीं किया जाएगा। इसी आधार पर नामकरण हो पाया है। अगर अवैध निर्माण हुआ तो उसे ढहाया जाएगा। करीब ढाई घंटे तक चली मीटिंग यह मीटिंग बरनाला रोड स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में हुई। शाम करीब 3 बजे मीटिंग शुरू हुई और ढाई घंटे तक चली। पार्षदों की एंट्री के बाद मीटिंग हॉल के गेट पर ताला लगा दिया गया और बाकी की एंट्री पर रोक लगा दी गई। हालांकि, मीटिंग में कुछ खास एजेंडे नहीं रखे गए। इसमें पिछली मीटिंग की पुष्टि, कार्यालय की आवश्यकतानुसार कंप्यूटर सैट, फर्नीचर व सामान और अन्य विकास कार्यों पर चर्चा होनी थी। शहर में विकास कार्यों को लेकर पार्षदों में नाराजगी है। नगर परिषद के कुल 35 पार्षद है, जिनमें तीन मनोनित पार्षद है। इससे पहले यह मीटिंग 12 फरवरी को दोपहर एक बजे रखी गई थी, जो प्रशासनिक कार्यों के चलते स्थगित कर दी गई। पिछली मीटिंग में भी हुआ था हंगामा पिछली बार मीटिंग में भी खूब हंगामा हुआ था। पार्षदों ने स्ट्रॉन्ग वाटर और गली सहित अन्य निर्माण कार्यों पर सवाल उठाए थे। मीटिंग का एक वीडियो भी वायरल हुआ था, जिसमें पार्षद आशा बोली कि, सिरसा को स्विमिंग पूल बना दिया है। बारिश में हर जगह पानी भर जाता है। इसके अलावा बीजेपी पार्षदों ने भी वार्डों पर जारी की गई ग्रांट पर सवाल उठाए कि उनको पता तक नहीं कि कार्य हो रहे हैं। गलियां बनने से पहले टूट जाती है और सड़कों में जगह-जगह गड्ढे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *