पीजीआई में 1 मार्च से कार्डियक इमरजेंसी शुरू होगी:सात राज्यों के लोगों को मिलेगा फायदा, मेन इमरजेंसी पर लोगों का बोझ होगा कम

उत्तरी भारत के कई राज्यों के लिए बड़ी राहत की खबर है। पीजीआई में एक मार्च से कार्डियक इमरजेंसी सुविधा शुरू होने जा रही है। इस दिशा में 2009 से प्रयास चल रहे थे। जो कि अब हकीकत बनने जा रही है।पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. विवेक लाल ने कहा कि अलग कार्डियक इमरजेंसी की जरूरत लंबे समय से महसूस की जा रही थी। “पीजीआईएमईआर जैसे उच्च स्तरीय तृतीयक स्वास्थ्य संस्थान में सामान्य इमरजेंसी व्यवस्था के भीतर तीव्र हृदय रोगियों का प्रबंधन चुनौतीपूर्ण होता जा रहा था। इसलिए हमने हृदय रोग से संबंधित आपात स्थितियों के लिए एक अलग और विशेष व्यवस्था तैयार करने का निर्णय लिया।” सात राज्यों को होगा फायदा अब तक हृदय संबंधी आपातकालीन मरीजों का इलाज मुख्य इमरजेंसी विंग में किया जाता था, जहां पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, राजस्थान और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ट्रॉमा, मेडिकल और सर्जिकल मरीज पहुंचते हैं। भारी मरीज भार के कारण समय-संवेदनशील कार्डियक मामलों को भी उसी भीड़भाड़ वाली व्यवस्था में संभालना पड़ता था, जिससे विशेष और त्वरित प्रतिक्रिया की आवश्यकता और अधिक महसूस हो रही थी। शुरू से ही उन्होंने यह काम शुरू किया प्रो. विवेक लाल ने बताया कि उनके कार्यकाल की शुरुआत से ही व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने और मरीज-केंद्रित सुधारों को प्राथमिकता दी गई। उन्होंने कहा, “हृदय संबंधी आपात स्थितियां बेहद समय-निर्भर होती हैं। बचाया गया हर एक मिनट किसी की जान बचा सकता है। हमारा उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी कार्डियक मरीज को व्यवस्थागत देरी का सामना न करना पड़े।” यह समर्पित कार्डियक इमरजेंसी कार्डियोलॉजी, इमरजेंसी मेडिसिन, एनेस्थीसिया, अस्पताल प्रशासन और नर्सिंग सेवाओं के संयुक्त प्रयासों से संभव हो पाई है। मुख्य इमरजेंसी के दवाब पर कम होगा इस नई सुविधा से मुख्य इमरजेंसी विंग पर दबाव कम होगा, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर और सुव्यवस्थित सेवाएं मिल सकेंगी। “यह केवल एक नई इमारत या सुविधा नहीं है, बल्कि आपातकालीन देखभाल प्रणाली को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है,”। 1 मार्च से समर्पित कार्डियक इमरजेंसी के संचालन के साथ पीजीआईएमईआर ने समय पर, केंद्रित और जीवनरक्षक उपचार के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और मजबूत किया है, ताकि जब हर सेकंड कीमती हो, तब मरीजों को बिना देरी उचित इलाज मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *