फरीदाबाद में नगर निगम में कार्यरत एक महिला क्लर्क को मैरिज सर्टिफिकेट बनवाने के नाम पर दो हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। कार्रवाई एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने की। आरोपी की पहचान मोनिका भाटिया के रूप में हुई है, जो HKRNL के तहत ज्वाइंट कमिश्नर NIT कार्यालय में तैनात बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, डबुआ कॉलोनी निवासी एडवोकेट धनराज को एक व्यक्ति का मैरिज रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट बनवाना था। इसके लिए उन्होंने संबंधित शाखा में कार्यरत क्लर्क मोनिका से संपर्क किया। आरोप है कि क्लर्क ने सर्टिफिकेट जारी करने के बदले दो हजार रुपये की मांग की। ए़डवोकेट ने ACB को दी शिकायत एडवोकेट ने इसकी शिकायत ACB को दे दी। शिकायत के आधार पर ACB इंस्पेक्टर विजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। प्लान के तहत शिकायतकर्ता को दो हजार रुपये देकर आरोपी के पास भेजा गया। सोमवार दोपहर जैसे ही क्लर्क ने पैसे लिए, पहले से घेराबंदी कर खड़ी ACB टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। महिला क्लर्क पर केस दर्ज ACB ने महिला कर्मचारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। निगम सूत्रों के अनुसार आरोपी महिला वर्तमान में मैरिज सर्टिफिकेट शाखा में तैनात है। टीम मामले में जांच कर रही है।