जींद में विवाहिता ने जहर खाकर आत्महत्या की:पिता बोले- बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित किया; एक लाख रुपए दिए भी थे

जींद की विश्वकर्मा कॉलोनी में एक विवाहिता ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या कर ली। मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर पति के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों ने अस्पताल में हंगामा भी किया और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में पुलिस के आश्वासन पर शांत हो गए। यह घटना रविवार दोपहर की है। काब्रच्छा हाल आबाद इंद्र कॉलोनी निवासी 35 वर्षीय पिंकी, जो रमेश की पत्नी थी, ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजनों ने उसे तुरंत शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस और मृतका के मायका पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। मृतका के पिता, कोथ कलां निवासी सुबेर बेग ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी पिंकी की शादी करीब दो साल पहले रमेश के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही रमेश दहेज को लेकर पिंकी को प्रताड़ित कर रहा था। सुबेर बेग ने यह भी बताया कि उन्होंने शादी बचाने के लिए रमेश को एक लाख रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद प्रताड़ना जारी रही। सुबेर बेग के अनुसार, रमेश वर्ष 2025 में अवैध असलहा रखने के मामले में भी पकड़ा गया था। लगातार प्रताड़ना से तंग आकर उनकी बेटी पिंकी ने यह कदम उठाया। शहर थाना पुलिस ने सुबेर बेग की शिकायत के आधार पर मृतका के पति रमेश के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है। सोमवार को नागरिक अस्पताल में जब मृतका के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा था, तब मायका पक्ष के लोग आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी रमेश फिलहाल फरार है, लेकिन उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस के समझाने के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए। शहर थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि पति रमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *