बगहा में 13 सेंटर पर 13,621 परीक्षार्थी देंगे एग्जाम:आज से 2 शिफ्ट में मैट्रिक परीक्षा शुरू, जूता-मोजा पहनकर एंट्री पर रोक

बगहा अनुमंडल में मैट्रिक परीक्षा आज से शुरू हो गई है। इस साल कुल 13,621 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे, जिसके लिए प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। इन परीक्षार्थियों में प्रथम पाली में 6,758 और द्वितीय पाली में 6,863 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। अनुमंडल में कुल 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रमुख केंद्रों में सहकारी प्रोजेक्ट गर्ल हाई स्कूल, पंडित उमाशंकर तिवारी महिला कॉलेज, प्रोजेक्ट गर्ल हाई स्कूल, मोंटफोर्ट पब्लिक स्कूल, नॉर्थ बिहार शुगर मिल्स हाई स्कूल, डीएम एकेडमी, सिटी मांटेसरी पब्लिक स्कूल, बी बी एन कॉलेज, राजकीय मध्य विद्यालय, सनराइज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, संत तेरेसा गर्ल्स मिडिल स्कूल तथा गवर्नमेंट यू एच एस शामिल हैं। 25 फरवरी को ऐच्छिक विषय की परीक्षा होगी मैट्रिक परीक्षा 17 फरवरी से 25 फरवरी 2026 तक दो पालियों में आयोजित की जाएगी। 17 फरवरी को मातृभाषा (हिंदी, उर्दू, बांग्ला, मैथिली), 18 फरवरी को गणित, 19 फरवरी को द्वितीय भारतीय भाषा (संस्कृत/हिंदी), 20 फरवरी को सामाजिक विज्ञान, 21 फरवरी को विज्ञान, 24 फरवरी को अनिवार्य अंग्रेजी तथा 25 फरवरी को ऐच्छिक विषय की परीक्षा होगी। प्रथम पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:45 बजे तक और द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक नियुक्त परीक्षा के शांतिपूर्ण संचालन के लिए प्रत्येक केंद्र पर दंडाधिकारी, पुलिस बल और वीक्षकों की तैनाती की गई है। प्रत्येक 25 परीक्षार्थियों पर एक वीक्षक नियुक्त किया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू केंद्र परिसर में मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अनुमंडल प्रशासन ने माइकिंग के जरिए परीक्षा संबंधी नियमों के प्रति जागरूकता फैलाई है और परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू होने की जानकारी दी है। अनुमंडल अधिकारी चांदनी कुमारी ने बताया कि परीक्षा निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने केंद्राधीक्षकों को सख्त निर्देश दिए हैं तथा अभिभावकों से सहयोग की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *