भास्कर न्यूज | जालंधर फिल्लौर में मंदबुद्धि दलित युवक से 200 रुपए का लालच देकर कुत्ते से कुकर्म करने के मामले में एससी कमिशन ने डीएसपी से दो दिन में रिपोर्ट मांगी और चंडीगढ़ तलब किया है। आरोप है कि पहले मंदबुद्धि युवक के कपड़े उतरवाए गए, फिर उसे शराब पिलाई गई और एक जर्मन शेफर्ड कुत्ते के साथ आपत्तिजनक हरकत करने के लिए मजबूर किया गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने पूरी वारदात का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। जानकारी मिलते ही पुलिस ने मुख्य आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैप्पी को हिरासत में ले लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी से पूछताछ की जा रही है और अन्य शामिल लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पीड़ित युवक की मानसिक स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मेडिकल और कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। डीएसपी 19 को चंडीगढ़ पेश होने के निर्देश जिक्रयोग है कि पंजाब एससी कमिशन ने मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए कड़ा रुख अपनाया है। आयोग के चेयरमैन जसबीर सिंह गढ़ी ने फिल्लौर के डीएसपी भरत मसीह को नोटिस जारी कर 19 फरवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होने के निर्देश दिए हैं। आयोग ने पुलिस से अब तक की गई कार्रवाई और दर्ज धाराओं की विस्तृत रिपोर्ट दो दिन में पेश करने को कहा है। आयोग ने स्पष्ट किया है कि युवक के साथ हुई इस अमानवीय घटना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है, ताकि सभी आरोपियों को सख्त सजा दिलाई जा सके।