लुधियाना के दुगरी इलाके में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दुगरी फेस-1 में दिहाड़ी पर काम कर रही विवाहिता महिला पर बाइक सवार युवक ने एसिड फेंककर फरार हो गया। हमले में महिला का चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गंभीर हालत में चंडीगढ़ के पीजीआई रेफर किया गया है। क्या था पूरा मामला घटना 16 फरवरी दोपहर करीब 2 बजे की है। पीड़ित महिला सावित्री दुगरी के गुरुग्यान विहार फेस-1 स्थित प्लॉट में रोड़ी डालने का काम कर रही थी। तभी बाइक पर सवार एक युवक वहां पहुंचा। युवक ने सिर पर पगड़ी और ऊपर से हेलमेट पहन रखा था जिससे पहचान मुश्किल हो गई। महिला को लगा कि शायद प्लॉट मालिक का कोई लड़का सामान देने आया होगा। जैसे ही वह पास पहुंची बाइक सवार ने बोतल निकाली और उसके चेहरे पर तरल पदार्थ फेंकते हुए कहा अब तुम्हें किसी काम के लायक नहीं रहने देंगे।तेजाब चेहरे पर गिरते ही महिला दर्द से चीख उठी। आरोपी मौके से बाइक भगा ले गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीड़िता ने बताई अपनी आपबीती पीड़ित महिला ने बताया कि वह मूल रूप जिला हरदोई उत्तर प्रदेश की रहने वाली है पहले वहा चंडीगढ़ रहती थी और कुछ महीनों से अपनी बहन के पास लुधियाना में रह रही थी। महिला के अनुसार उसकी बहन इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाती है और कभी-कभी वह भी उसके साथ वीडियो में दिखाई देती है। इसी को लेकर एक युवक सोशल मीडिया पर दोनों बहनों के बारे में गलत टिप्पणियां करता था। महिला ने बताया एक लड़का मेरी बहन के वीडियो अपने अकाउंट और एक फेक अकाउंट पर पोस्ट करता था। हमारे बारे में गलत बातें लिखता था। हमें बदनाम करता था। हमने इसकी शिकायत पुलिस को भी की थी। पुलिस ने उसे चेतावनी भी दी थी लेकिन वह नहीं माना। परिवार का शक है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हमला किया होगा क्योंकि वह युवक चंडीगढ़ का रहने वाला है। फिलहाल पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है। पीड़िता शादीशुदा,तीन बच्चों की मां महिला विवाहित है और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। परिवार इस घटना से सदमे में है। इलाज जारी है और डॉक्टरों के अनुसार उसकी आंखों और चेहरे को गंभीर नुकसान पहुंचा है। पुलिस जांच: आरोपी की पहचान मुश्किल हमलावर ने पगड़ी और हेलमेट दोनों पहन रखे थे जिससे चेहरा दिखना लगभग असंभव था। पुलिस आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और सोशल मीडिया पर चल रही आपसी रंजिश की भी जांच कर रही है।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। प्रारंभिक जांच में सोशल मीडिया विवाद सामने आया है लेकिन पुख्ता सबूतों के लिए CCTV कॉल डिटेल्स और अन्य तकनीकी जांच जारी है।