आज जननायक कर्पूरी ठाकुर की 38वीं पुण्यतिथि है। पटना में मंगलवार को कर्पूरी संग्रहालय में राजकीय समारोह का आयोजन किया गया। CM नीतीश, डिप्टी CM विजय कुमार सिन्हा, मंत्री रामकृपाल यादव समेत कई नेता मौजूद थे। सभी कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद कार्यक्रम में बैठे थे। इसी बीच CM नीतीश कुमार की नजर मंत्री अशोक चौधरी पर पड़ी। वो कार्यक्रम में लेट पहुंचे थे और पीछे बैठे थे। कार्यक्रम के दौरान ही CM नीतीश पीछे मुड़े अशोक चौधरी को देखा और इशारों में श्रद्धांजलि देने को कहा। नीतीश के कहते ही अशोक चौधरी अपनी सीट से उठे और कर्पूरी ठाकुर की मूर्ति की ओर तेजी से दौड़ पड़े। वो इतनी जल्दी में थे कि मूर्ति के पास जूता उतारने के दौरान उन्होंने अपना संतुलन खो दिया। वो गिरते-गिरते बचे। श्रद्धांजलि देने के बाद वो वापस अपनी सीट पर आकर बैठ गए। कार्यक्रम से जुड़ी कुछ तस्वीरें देखिए कर्पूरी ठाकुर समाज के लिए एक महान आदर्श रहे उपमुख्यमंत्री विजय सिन्हा ने कहा कि, कर्पूरी ठाकुर बिहार की राजनीति और समाज के लिए एक महान आदर्श रहे हैं। उन्होंने अभाव में रहकर भी जनता के बीच अपनी मजबूत पहचान बनाई और कभी अभाव को भ्रष्टाचार में बदलने नहीं दिया। कहा कि आज समाज को उनके विचारों से सीख लेने की जरूरत है और केवल अनुयायी बनने से नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारने से बदलाव संभव है। उन्होंने कहा कि बिहार ऐसे महान व्यक्तित्वों पर गर्व करता है, जो किसी एक जाति के नहीं बल्कि पूरे समाज के होते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सामाजिक न्याय, ईमानदारी और समानता के रास्ते पर आगे बढ़ें। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भीमराव अंबेडकर और कर्पूरी ठाकुर जैसे महान नेताओं के विचार, व्यवहार और कार्यशैली समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग खुद को भ्रष्टाचार से दूर रखते हैं, सामाजिक मूल्यों की रक्षा करते हैं और जातिवाद को बढ़ावा नहीं देते, वही समाज के सच्चे निर्माता होते हैं। RJD के पोस्टर हटाए गए कर्पूरी ठाकुर की पुण्यतिथि पर राजद की तरफ से बाबू सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस कार्यक्रम में राजद विधायक सर्वजीत ने कहा कि, सदन में राजू तिवारी जैसा लोग मुझ से कहते हैं कि, आप मूर्ति स्थापित की बात कैसे करते हो। राजू तिवारी मैं इस मंच से बोल रहा हूं कि मै किसका बेटा हूं याद रखना। कार्यक्रम को लेकर पटना में जगह-जगह पोस्टर लगाए गए थे। लेकिन नगर निगम की टीम ने राजद के सारे बैनर-झंडे को हटा दिया है।