‘न मानोगे, बेटी गई बेटा भी मरेगा 2 दिन में’:NEET छात्रा मौत केस- परिजनों को फिर धमकी; भाई को पूछताछ के लिए ले गई CBI

जहानाबाद में नीट छात्रा की मौत के मामले की जांच CBI कर रही है। CBI की टीम पूछताछ के लिए छात्रा के भाई को अपने साथ ले गई है। करीब 3 घंटे से टीम भाई से पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि भाई का मोबाइल खराब हो गया था, जिसे ठीक कराने के लिए मखदुमपुर की एक दुकान में दिया गया था। CBI उसी मोबाइल को लेने वहां गई है, ताकि कुछ सबूत जुटाया जा सके। इसी बीच मंगलवार को मृत छात्रा के परिजनों को दोबारा जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी भरा पर्चा उनके घर में पाया गया। पर्चे पर लिखा था- “न मानोगे, बेटी गई, बेटा भी मरेगा दो दिन में।” परिजनों के मुताबिक, यह पर्चा किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा खिड़की के बाहर से घर के अंदर फेंका गया था। परिवार ने इसकी सूचना पुलिस और CBI को दे दी है। परिजनों ने बताया कि 14 फरवरी को भी घर के किचन में एक धमकी भरा पर्चा मिला था। छात्रा के पिता का कहना है कि जिस तरह घर के अंदर पर्चे फेंके जा रहे हैं, उससे उन्हें आसपास के लोगों पर शक है। 14 फरवरी को मिली थी धमकी, लिखा- ज्यादा तेज बनोगे तो मार दिए जाओगे लगातार मिल रही धमकियों के बाद परिवार में चिंता और भय का माहौल है। इससे पहले 14 फरवरी 2026, शनिवार को भी घर के किचन में एक धमकी भरा पर्चा मिला था। लिखा था, “ज्यादा तेज बनोगे तो उठा लिए जाओगे, मार दिए जाओगे।” उस समय घर पर पुलिस तैनात थी। परिजनों ने इस घटना की जानकारी स्थानीय थाना और CBI को दी थी। पुलिस और CBI दोनों एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। छात्रा के भाई और मां के मोबाइल की होगी जांच सूत्रों के मुताबिक, नीट छात्रा की मौत के मामले में CBI की जांच अब जहानाबाद शिफ्ट होती नजर आ रही है। बताया जा रहा है कि SIT की ओर से जुटाए गए CCTV फुटेज की जांच CID की फोरेंसिक टीम से कराई गई थी। इसकी रिपोर्ट अब CBI को सौंप दी गई है। CBI ने मृत छात्रा के भाई और मां के मोबाइल फोन भी मांगे हैं। जांच एजेंसी यह जानने की कोशिश कर रही है कि दोनों के मोबाइल एक साथ कैसे टूटे। इसे मामले में एक अहम बिंदु माना जा रहा है। फिलहाल CBI की टीम जहानाबाद में छात्रा के भाई से पूछताछ कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है। पिता बोले- सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई परिवार के अनुसार, फिलहाल एक चौकीदार और दो कांस्टेबल सुरक्षा में तैनात हैं। इसके बावजूद धमकी भरे पर्चे मिलने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। छात्रा के पिता का कहना है कि प्रशासन की ओर से कोई अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध नहीं कराई गई है। इधर, सीबीआई की टीम रविवार सुबह करीब 8 बजे छात्रा के घर पहुंची। टीम में कुल 18 अधिकारी शामिल थे। करीब पांच घंटे तक अधिकारियों ने छात्रा के माता-पिता, पड़ोसियों और ग्रामीणों से गहन पूछताछ की। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसी मामले से जुड़े आठ प्रमुख सवालों के जवाब तलाश रही है। छात्रा के पिता ने बताया कि सीबीआई अधिकारियों ने उनसे और उनकी पत्नी से विस्तार से पूछताछ की। उन्होंने जांच टीम को पूरी जानकारी दी है। पिता ने कहा कि वे दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं। CBI का SIT से सवाल- परिवार आपकी जांच से संतुष्ट क्यों नहीं है NEET छात्रा मौत मामले में CBI की जांच का आज चौथा दिन है। सबसे पहले CBI ने SIT से पूरी रिपोर्ट ली है। SIT से ये सवाल किए गए कि परिवार आपकी जांच से संतुष्ट क्यों नहीं है? जांच के बड़े लूप होल्स क्या है? सबसे पहले बिना पोस्टमार्टम रिपोर्ट के पुलिस टीम ने रेप न होने की बात किस आधार पर कह दी? यही नहीं CBI ने यह भी पूछा कि अभी तक मनीष रंजन की रिमांड लेकर उससे पूछताछ क्यों नहीं की गई? इसके बाद सोमवार को चित्रगुप्त नगर थाना में पोस्टेड महिला सब इंस्पेक्टर रीना कुमारी को बुलाया गया। करीब दो घंटे तक उनसे इस केस के बारे में सवाल-जवाब किए गए। वो इस केस को लेकर क्या जानती हैं? क्या जांच टीम में वो शामिल थीं? अगर शामिल थीं तो वो कौन-कौन से जगह पर जांच करने गईं? उस दरम्यान उनके सामने कौन से तथ्य आए थे? पुलिस जांच में लापरवाही बरतने और आरोपियों को बचाने के लगाए गए परिवार के आरोप कितने सही हैं? ऐसे कई सवाल थे, जिनका जवाब CBI की टीम जानना चाहती है। यह सिलसिला अभी चलता रहेगा। CBI एक–एक करके थाने अन्य पुलिस अधिकारयों से अलग–अलग पूछताछ करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *