लुधियाना में एक्टिवा सवार चोरों का आतंक:फैक्ट्री के बाहर से कपड़े का थान उठा ले गए चोर, CCTV में कैद हुई वारदात

लुधियाना में चोरी और झपटमारी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही है। लुधियाना का सेंट्रल हलका अब चोरों का नया अड्डा बनता जा रहा है। ताजा मामला थाना डिवीजन नंबर 3 के अंतर्गत आते इलाके का है, जहां बेखौफ चोरों ने दिन-दिहाड़े एक कपड़े की फैक्ट्री के बाहर से कपड़े का थान चोरी कर लिया। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि स्कूटी पर सवार दो चोर पहले इलाके की रेकी करते हैं। शातिर चोर कुछ दूरी पर रुककर पहले माहौल भांपते हैं। जब उन्हें लगता है कि कोई देख नहीं रहा तो स्कूटी सवार एक युवक रेहड़े के पास पहुंचता है। उसने बड़ी ही चतुराई से रेहड़े पर लदे कपड़ों के थानों में से एक भारी थान उठाया और अपने साथी को इशारा किया। पलक झपकते ही दोनों आरोपी एक्टिवा पर थान लादकर रफू-चक्कर हो गए। कारोबारी को पहले हुआ अपनी गिनती पर शक कपड़ा कारोबारी को जब माल कम लगा तो उसे लगा कि शायद गिनती में कोई गलती हुई है। उसने बार-बार थानों की गिनती की लेकिन जब स्टॉक पूरा नहीं हुआ तो उसे शक हुआ। इसके बाद जब आसपास के सीसीटीवी खंगाले गए तो चोरों की करतूत सामने आ गई। स्थानिय व्यापारियों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी रोष है। शहर में अब न तो वाहन सुरक्षित हैं और न ही दुकानों के बाहर पड़ा सामान। पुलिस का डर पूरी तरह खत्म हो चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *