पुलिस की पिटाई से ट्रैक्टर ड्राइवर की मौत:जमुई में नाराज ग्रामीणों ने महिला SI सहित पुलिसकर्मियों को बनाया बंधक

जमुई में ओवरलोड ट्रैक्टर चलाने पर पुलिस की पिटाई से ट्रैक्टर ड्राइवर की मौत हो गई है। इस घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर जमकर हंगामा किया और टाउन थाना की महिला SI लवली कुमारी सहित कई पुलिसकर्मियों को बंधक बना लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की भी सूचना है। मृतक की पहचान चौड़ीहा निवासी उदय यादव (56) के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि टाउन थाना पुलिस ने नर्वदा पीरा के पास ट्रैक्टर रोककर ड्राइवर के साथ मारपीट की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना से जुड़ी तस्वीरें देखिए… सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी पुलिस घायल ड्राइवर को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गई, जहां उसकी मौत हो गई। ड्राइवर की मौत की खबर फैलते ही लोगों का आक्रोश और भड़क उठा। ग्रामीणों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर एसडीपीओ सतीश सुमन अतिरिक्त पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, आक्रोशित भीड़ ने सड़क जाम कर हंगामा जारी रखा। पुलिस को स्थिति नियंत्रित करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे परिजन मामले की गंभीरता को देखते हुए डीटीओ सुनील कुमार भी एसडीपीओ और एसडीओ सौरव कुमार के साथ सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। अवैध वसूली के आरोपों के संबंध में पूछे जाने पर डीटीओ ने कहा कि सभी बिंदुओं पर निष्पक्ष जांच होगी और दोषी पाए जाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, परिजन दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। प्रत्यक्ष दर्शी स्थानीय मिथिलेश यादव ने बताया, एक ट्रैक्टर ड्राइवर को काफी दूर तक पुलिस खदेड़ते हुए उसके घर तक पहुंची थी और उसे रोककर मारपीट की, जिससे ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। स्थानीय लोगों की भीड़ देखकर पुलिस घबरा गई और मरे ट्रैक्टर ड्राइवर को जिंदा बताते हुए उसे पहले अस्पताल ले जाने की बात करने लगे। इसके बाद कुछ लोग चौड़ीहा की ओर से आए और ट्रैफिक डिपार्टमेंट की पुलिस को बंधक बना लिया और उसके साथ भी मारपीट की गई। SDO सौरव कुमार ने बताया, 2 बजे सूचना मिली कि ड्राइवर बीमार स्थिति में है। उसके बाद अस्पताल लाया गया, हम सब वहां पहुंचे। प्रारंभिक ट्रीटमेंट के बाद डेथ हो गया। यहां उसके परिजन आए उनसे पूछताछ हुई। ट्रैफिक डिपार्टमेंट के SI द्वारा आरोप लगाया गया है की ट्रैफिक रूल ड्राइवर फॉलो नहीं कर रहे हैं। ड्राइवर के परिजन का आरोप है कि परिवहन विभाग के SI के द्वारा और उनके कर्मियों के द्वारा मारपीट की गई है। जिससे उनकी मौत हुई है। मामले की जांच जारी है, विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन प्रतिबद्ध है जो भी गुनाहगार होंगे बख्शे नहीं जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *