ब​ठिंडा में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला युवक का शव:परिजन बोले- काफी समय मा​नसिक तनाव में था, बिना बताए घर से चला जाता था

बठिंडा के स्थानीय बीड़ तालाब रोड स्थित बस्ती नंबर एक में सरहिंद नहर के पास एक 29 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम और थाना सदर की पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची। प्रारंभिक जांच में युवक का शव नहर के किनारे पड़ा पाया गया, जिसे देखकर आसपास के लोगों ने प्रशासन को सूचित किया था। सहारा जन सेवा की टीम से संदीप गिल और जसकरण मोखा एम्बुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुँचे। पुलिस की तलाशी के दौरान मृतक के पास से कोई भी ऐसा पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ। सहारा टीम ने कानूनी औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त और पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में पहुँचाया। बाद ें मृतक की पहचान 29 वर्षीय गुरप्रीत सिंह पुत्र लालजीत सिंह के रूप में हुई, जो गांव चुघे कला का निवासी था। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, गुरप्रीत पेशे से एक दिहाड़ी मजदूर था और अपने परिवार का हाथ बंटाता था। उसकी इस तरह अचानक और संदिग्ध हालात में हुई मृत्यु ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं, जिनका जवाब अब पुलिस तलाश रही है। थाना सदर के प्रभारी जसविंदर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों से संपर्क किया गया है। परिवार के सदस्यों के अनुसार, गुरप्रीत पिछले काफी समय से मानसिक तनाव यानी डिप्रेशन के दौर से गुजर रहा था। वह अक्सर बिना बताए घर से कहीं भी चला जाता था। परिजनों के इन्हीं बयानों को आधार बनाकर पुलिस मामले की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास कर रही है। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले में ‘भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता’ (BNSS) की धारा 194 के तहत कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि मौत के सही और वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। पुलिस हर पहलू से मामले की गहराई से जांच कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *