पंजाब के बरनाला-बठिंडा मुख्य मार्ग पर स्थित घुड़ैली चौक के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा होने का समाचार प्राप्त हुआ है। यह घटना तपा-घुड़ैली ओवरब्रिज के नीचे उस समय घटी, जब एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर अपने आगे जा रहे एक अज्ञात ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग अंदर ही फंस गए। मिली जानकारी के अनुसार, कार में सवार पीड़ित परिवार नाभा से एक विवाह समारोह में शामिल होकर वापस अपने घर बठिंडा की ओर लौट रहा था। घायलों की पहचान अशोक कुमार शर्मा, उनके भाई राजीव कुमार शर्मा, पत्नी मीनू कुमारी और पुत्र विवेक शर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पीछे से आ रही कार की गति काफी तेज थी, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और यह भीषण टक्कर हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा बल (SSF) के थाना प्रभारी गुरबख्श सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुँचे। यातायात सुचारू कराया। पुलिस चौकी तपा के सहायक थाना प्रभारी गुरप्यार सिंह ने भी घटनास्थल का मुआयना किया और राहत कार्यों में तेजी लाई। घायलों को बठिंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायलों की स्थिति गंभीर चारों घायलों की हालत काफी गंभीर बनी हुई है और डॉक्टर लगातार उनकी स्थिति पर नजर रखे हुए हैं। सहायक थाना प्रभारी गुरप्यार सिंह ने बताया कि पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि ट्रक की पहचान की जा सके। फिलहाल, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा केवल तेज रफ्तार की वजह से हुआ या इसके पीछे कोई तकनीकी खराबी थी।