भाजपा MLA बोले- पार्टी में सब दूध के धुले नहीं,VIDEO:दूसरे दलों से गंदे लोग आ गए; कैथल में भ्रष्टाचार की शिकायतों पर भड़के जांबा

कैथल के पूंडरी से BJP विधायक सतपाल जांबा का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वो कह रहे हैं- हमारी पार्टी में सभी दूध के धुले नहीं हैं। दूसरी पार्टियों से कई बहुत गंदे लोग आ गए हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पूंडरी के सार्वजनिक कार्यक्रम है। 16 फरवरी को विधायक उद्घाटन कार्यक्रम में गए थे। बताया जा रहा है कि इस दौरान लोगों ने भ्रष्टाचार को लेकर शिकायत की। जिसके बाद विधायक ने माइक लेकर खरी-खरी बातें कहीं। इसे लेकर दैनिक भास्कर एप की टीम ने विधायक जांबा से बात की तो उन्होंने कहा कि यह बात किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं कही गई थी। सबसे पहले जानिए 36 सेकेंड के वीडियो में विधायक ने क्या कहा…. जो खाएगा वो बचेगा नहींः विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि संभल जाओ। ये जनता का पैसा है, मैं खाने नहीं दूंगा। मैंने पहले भी बोला है। जो खाएगा वो बचेगा नहीं। उसे छोड़ूंगा नहीं। अगर आप अच्छे काम करोगे तो दिन-रात आपके लिए खड़ा हों। अगर गलत चलोगे मेरे आप दुश्मन हो। अपने मतलब के लिए आए हैंः उन्होंने आगे कहा कि ऐसा नहीं है कि मेरी पार्टी में सब दूध के धुले हैं। ऐसे-ऐसे गंदे लोग आए हुए हैं, दूसरी पार्टी छोड़कर मेरी पार्टी में घुसे हैं। अपने मतलब के लिए आए हैं। अगले 5 साल अपने मतलब निकालेंगे। फिर जैसे भी कोई सिस्टम होगा, भाग जाएंगे। ये तेरे न मेरे, न पार्टी के ये सिर्फ मतलब के होते हैं। और ऐसे इंसानों से हमें बचना चाहिए। पहले पाखंडी ब्राह्मण व सरपंचनी की फीलिंग जैसे विवादित बयान दे चुके 11 नवंबर 2024ः सरपंचनी को बुला दो, फीलिंग आएगी पूंडरी के फरल गांव में एक कार्यक्रम के दौरान कहा-“सरपंचनी को बुला दो, हमें भी थोड़ी फीलिंग आ जाएगी कि हमें भी कोई देखने आया है।” असल में उस कार्यक्रम में गांव की महिला सरपंच मौजूद नहीं थीं बल्कि उनके प्रतिनिधि मौजूद थे। विवाद बढ़ने पर विधायक ने सार्वजनिक तौर पर माफी मांगी और महिला सरपंच को बहन बताया। जून 2025ः पाखंडी ब्राह्मणों ने विरोध किया विधायक सतपाल जांबा का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें वह कहते सुनाई दिए- “संत कबीर ने पाखंडी ब्राह्मणों का विरोध किया था…”। ब्राह्मण समाज ने इसका विरोध किया। इस पर विधायक ने सफाई दी- मेरे बयान को तोड़ा-मरोड़ा गया है। अगर ब्राह्मण समाज को मेरे बयान से बुरा लगा है तो मैं हाथ जोड़कर माफी मांगता हूं। 25 दिसंबर 2025ः भ्रष्ट अफसरों की लिस्ट मेरे पास सतपाल जांबा ने एक सार्वजनिक सभा में कहा था- सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, खुलेआम नशा बिक रहा, सरकारी सिस्टम में कप्शन गहराई तक है। उनके पास भ्रष्ट अधिकारियों और नशा तस्करों की लिस्ट मौजूद है। इसी दिन कैथल में विधायक ने कहा- अगले वर्ष सुशासन दिवस पर वे ऐसे अधिकारियों का नाम सरेआम उजागर करेंगे, जिन्होंने भ्रष्टाचार किया है। वे खुद इन अधिकारियों का नाम लेकर पर्दाफाश करेंगे।जो अधिकारी सही हैं उनको सम्मानित करवाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *