सोनीपत में चाय दुकानदार को 5-6 युवकों ने पीटा:बोले- अक्षय से पंगा लेने का मजा चखाया; वीडियो कॉल पर कराई बात, धमकी दी

सोनीपत जिले में देर रात एक चाय विक्रेता पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब दुकानदार रात में अपनी दुकान पर मौजूद था। इसी दौरान कुछ युवकों ने दुकान का दरवाजा खटखटाया और दरवाजा खुलते ही 5-6 युवकों ने उसे पकड़कर बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। राई थाना क्षेत्र के गांव नाहरी सिखान पाने निवासी नीरज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह पिछले करीब पांच महीनों से बारोटा स्थित तुरपती राइस गोदाम के पास चाय की दुकान चला रहा है। देर रात कुछ युवक दुकान पर आए और दरवाजा खुलवाकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उसके दोनों हाथों, पैरों और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं। नीरज को बोले-अक्षय भाई से पंगा लेने का मजा चखा रहे हैं… तुझे अक्षय भाई सफीबाद से पंगा लेने का मजा चखा रहे हैं। एक युवक ने अपने मोबाइल से वीडियो कॉल कर कथित तौर पर अक्षय नामक व्यक्ति से बात करवाई। शिकायत के मुताबिक, वीडियो कॉल पर अक्षय ने उसे धमकाते हुए अपमानजनक बातें कहीं। सफेद कार में फरार, जान से मारने की धमकी नीरज ने बताया कि जब आसपास से वाहन चालक और अन्य लोग आने लगे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए सफेद रंग की कार (HR 10-3074) में सवार होकर मौके से फरार हो गए। जाते-जाते उन्होंने भविष्य में अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी घटना के बाद पीड़ित ने अपनी शिकायत भाभी वीरपाल पत्नी दिनेश से लिखवाकर पुलिस को सौंपी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और उसकी मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) प्राप्त की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 191(3), 190, 115(2), 61(2) व 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच संबंधित अधिकारी को सौंप दी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी, जबकि पीड़ित परिवार ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *