अमृतसर कस्टम्स की अवैध तस्करी पर सख्त कार्रवाई:67.83 लाख रुपये की 4 लाख से ज्यादा विदेशी सिगरेट स्टिक्स नष्ट कीं

अमृतसर कस्टम्स (प्रिवेंटिव) कमिश्नरेट ने अवैध व्यापार पर सख्त प्रहार करते हुए जब्त की गई विदेशी मूल की 4 लाख 2 हजार 8 सौ सिगरेट स्टिक्स को पूरी तरह नष्ट कर दिया। इन सिगरेटों की अनुमानित कीमत लगभग 67.83 लाख रुपय आंकी गई है। अधिकारियों के मुताबिक, यह सिगरेटें अलग-अलग कार्रवाई के दौरान बरामद की गई थीं। जिन्हें अब पूरी तरह से नियमों के अनुसार और पर्यावरण मानकों का पालन करते हुए इंसीनरेशन यानी नियंत्रित तरीके से जलाकर नष्ट किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि इस प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता और निर्धारित सरकारी दिशानिर्देशों के तहत पूरा किया गया, ताकि किसी भी प्रकार की पर्यावरणीय हानि न हो और कानून का सख्ती से पालन हो सके। तस्करी से राजस्व और युवाओं को खतरा कस्टम्स अधिकारियों ने कहा कि तस्करी के जरिए देश में लाए जा रहे विदेशी सिगरेटों से सरकार को भारी राजस्व नुकसान होता है और यह गैरकानूनी कारोबार युवाओं के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा है। इसलिए विभाग लगातार निगरानी बढ़ा रहा है और सीमा क्षेत्रों तथा ट्रांजिट पॉइंट्स पर विशेष चौकसी बरती जा रही है। विभाग ने यह भी चेतावनी दी कि तस्करी या अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कस्टम्स (प्रिवेंटिव) कमिश्नरेट, अमृतसर ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दें, ताकि तस्करी पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *