हिमाचल में 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव:इंदू गोस्वामी का कार्यकाल पूरा हो रहा, कांग्रेस में 3 दावेदार, सियासी हलचल तेज

केंद्रीय चुनाव आयोग (ECI) ने हिमाचल प्रदेश समेत 10 राज्यों में राज्यसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा सांसद इंदु गोस्वामी का छह साल का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को पूरा हो रहा है। इससे पहले नए राज्यसभा सदस्य के चयन के लिए चुनाव कराए जाएंगे। 16 मार्च को मतदान होगा और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। इन चुनावों के लिए 26 फरवरी को अधिसूचना जारी होगी। 5 मार्च नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि है। नामांकन पत्रों की जांच 6 मार्च को की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तिथि 9 मार्च तय की गई है। मतदान 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। हिमाचल में सियासी हलचल तेज
ECI की अधिसूचना के बाद हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। फरवरी 2024 में भी एक राज्यसभा सीट के लिए प्रदेश में चुनाव हुए थे। उस दौरान सत्तारूढ़ कांग्रेस बहुमत में होने के बावजूद चुनाव हार गई थी। कांग्रेस के छह विधायकों ने बीजेपी प्रत्याशी हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान कर दिया था, जिससे सरकार पर भी संकट के बादल मंडरा गए थे। हालांकि, तत्कालीन हालात स्पीकर कुलदीप सिंह पठानिया की सूझबूझ से संभल गए थे। अब फिर राज्यसभा चुनाव की घोषणा के साथ राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। 68 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के पास 40 विधायक हैं, जो बहुमत के आंकड़े से पांच अधिक हैं। इसे सत्तारूढ़ दल के लिए राहत माना जा रहा है। कांग्रेस से तीन दावेदार कांग्रेस की ओर से पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के नाम संभावित उम्मीदवारों के रूप में चर्चा में रहे हैं। वहीं हाल के दिनों में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल का नाम भी दौड़ में शामिल बताया जा रहा है। उधर, बीजेपी ने अभी तक अपने प्रत्याशी को लेकर पत्ते नहीं खोले हैं। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी इस बार किसी महिला उम्मीदवार पर दांव खेल सकती है। देशभर में 37 सीटों पर चुनाव
हिमाचल समेत देश के 10 राज्यों में 37 राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को चुनाव होंगे। केंद्रीय चुनाव आयोग पहले ही संबंधित राज्यों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति के निर्देश जारी कर चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *