करनाल में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी को ठोका:बुजुर्ग की मौत, बेटा भी नहीं है; परिवार में पत्नी-पुत्रवधु और पोती बची

करनाल में सड़क हादसे में एक बुजुर्ग की जान चली गई। तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा को टक्कर मार दी, जिससे एक्टिवा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास के लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर मोर्च्युरी हाउस भिजवाया। आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मंगलवार को घर लौटते समय हुआ हादसा
घटना मंगलवार शाम की है। करनाल के सेक्टर-32 में रह रहे 65 वर्षीय सूरजपाल एक्टिवा पर सवार होकर घर की ओर जा रहे थे। जब वे नर्सी विलेज के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि सूरजपाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल सूरजपाल को तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उनकी जान नहीं बच सकी। इलाज के दौरान बुजुर्ग की मौत हो गई। कार में सवार दो युवक फरार
मृतक के भाई भगत सिंह ने बताया कि जिस कार ने टक्कर मारी, उसमें दो युवक सवार थे। हादसे के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। परिजनों ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से कार और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। परिवार में पत्नी, पुत्रवधु और पोती
सूरजपाल के परिवार में उनकी पत्नी, पुत्रवधु और एक पोती है। परिजनों ने बताया कि उनके बेटे की मौत कई साल पहले हो चुकी है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *