बांका में महिला को खंभे से बांधकर पीटा,VIDEO:सारण में बच्चा चोरी के शक में महिला को नग्न कर पीटा, आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

बांका में सोमवार को एक महिला को खंभे से बांधकर जमकर पिटाई की गई। बताया जा रहा है कि महिला बच्ची पर कंबल ओढ़ाकर उसे किडनैप करने की कोशिश कर रही थी। इस दौरान कुछ लोगों ने देख लिया। घटना अमरपुर थाना क्षेत्र की है। महिला की पहचान राजगीर की रहने वाली सुपर्णा देवी के रूप में हुई है। वहीं, सारण में भी बच्चा चोरी के शक में एक महिला को नग्न कर पीटा गया। कुछ लोग महिला को पीट रहे थे तो कुछ तमाशबीन बने रहे। किसी ने महिला को बचाने की कोशिश नहीं की। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है। बांका की घटना की 2 तस्वीरें.. पहले जानिए बांका में क्या हुआ… बच्चा चोरी के शक में ग्रामीणों ने महिला को पकड़ा अमरपुर के वार्ड नंबर 13 स्थित संस्कृत विद्यालय के पास नर्सरी की छात्रा कोमल उर्फ सृष्टि पानी पीने चापाकल पर पहुंची। इसी दौरान महिला ने बच्ची को चॉकलेट और पैसों का लालच देकर अपने पास बुलाया। फिर महिला बच्ची को लेकर बहियार की ओर जाने लगी तो ग्रामीणों को शक हुआ। जिसके बाद ग्रामीणों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इसके बाद बच्ची के परिजनों और ग्रामीणों को घटना की सूचना दी। ग्रामीणों की भीड़ ने बच्चा चोरी के शक में महिला को एक खंभे से बांध दिया और उसकी जमकर पिटाई की। किसी ने पुलिस को घटना की सूचना। घटना की सूचना मिलने के बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। थाने पहुंचकर ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग घटना के बाद बच्ची की मां रानी देवी समेत दर्जनों ग्रामीण थाने पहुंचे और महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि महिलाओं का एक गिरोह अलग-अलग इलाकों में बच्चों को उठाने की कोशिश कर रहा है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि अभी तक लिखित आवेदन नहीं मिला है, आवेदन मिलने पर मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब पढ़िए सारण में महिला को नग्न कर क्यों पीटा गया बच्चा चोरी की अफवाह पर जुटी लोगों की भीड़ पानापुर थाना क्षेत्र के धेनुकी दलित टोला के पास एक महिला घुम रही थी। इस दौरान कुछ लोगों ने बच्चा चोर होने के शक में उसे पकड़ लिया। फिर देखते ही देखते ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। इस दौरान कुछ लोगों ने महिला को घेरकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में महिला जमीन पर गिरी दिखाई देती है और युवक लगातार उस पर हमला करते नजर आ रहे हैं। मारपीट के दौरान महिला के कपड़े भी फाड़ दिए गए। आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस घटना सोमवार की है। महिला को नग्न कर पीटने का मामला थाना पहुंचा, लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब वीडियो वायरल हुआ है तो पुलिस हरकत में आई और आरोपियों की पहचान में जुट गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीम जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *