लव ट्रायंगल में गर्लफ्रेंड का मर्डर, सिर में मारी गोली:हत्या के लिए दिल्ली से मुजफ्फरपुर आया; कहा- धोखा दे रही थी, मार दिया

मुजफ्फरपुर में एक बॉयफ्रेंड ने अपनी गर्लफ्रेंड(15) के सिर में गोली मारकर हत्या कर दी। प्रेमी को शक था कि उसकी गर्लफ्रेंड दूसरे लड़के से बात करती है। मर्डर के बाद प्रेमी(17) खुद पुलिस के पास जाकर जुर्म कबूल करना चाहता था, लेकिन रास्ते में पुलिस की गाड़ी देखकर भागने लगा। पुलिस ने उसे पकड़ा तो उसने सारी कहानी बताई। पुलिस आरोपी के साथ लड़की के घर पहुंची। तब तक लड़की के परिजन को पता नहीं था कि उनकी बेटी की हत्या हो गई। घटना सकरा थाना इलाके की है। नाबालिग लड़की 9वीं का छात्र थी और प्रेमी भी नाबालिग है। बताया जाता है कि प्रेमी का कहना है कि गर्लफ्रेंड धोखा दे रही थी, इसलिए मार डाला। अब सिलसिलेवार ढंग से पढ़िए लव ट्रायंगल में प्रेमिका की हत्या की पूरी कहानी लड़की सकरा थाना इलाके की रहने वाली थी। लड़के का घर भी लड़की के घर से 100 मीटर दूरी पर है। दोनों की अक्सर मुलाकात होती थी। मुलाकात का सिलसिला बढ़ा तो दोनों एक दूसरे को प्यार करने लगे। 1 साल से दोनों के बीच अफेयर चल रहा था। 4 महीने पहले बॉयफ्रेंड काम के सिलसिले में दिल्ली चला गया। दिल्ली जाने के बाद दोनों की मुलाकात कम हो गई। फोन पर बातचीत का सिलसिला भी कम हुआ। इस बीच प्रेमी के दोस्त ने उसे जानकारी दी कि, उसकी प्रेमिका किसी और लड़के से बातचीत करने लगी है। दिल्ली से मुजफ्फरपुर लौटा प्रेमी इस जानकारी के बाद प्रेमी 7 दिन पहले दिल्ली से मुजफ्फरपुर लौट आया। उसकी प्रेमिका से फोन पर लड़ाई होनी लगी। वो बार बार अपनी गर्लफ्रेंड को घर से बाहर मिलने के लिए बुला रही थी, लेकिन प्रेमिका ने मिलने से मना कर दिया। मंगलवार देर रात प्रेमी लड़की के घर पहुंच गया। जब वो अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर आया तो घर के सभी लोग सो रहे थे। वो कब घर में घुसा, ये किसी ने नहीं देखा। दोनों के बीच बहस हुई, उसके बाद लड़के ने उसके सिर में गोली मार दी। पुलिस ने दी बेटी की हत्या की जानकारी मृतका की मां ने कहा, “हमलोग रात में खाना खाकर सो गए थे। मेन गेट की चाबी हमेशा मेरे पास रहती है, लेकिन बगल का एक छोटा गेट खुला रह गया था। आरोपी उसी गेट से आया होगा। उसके आने की भनक तक हमें नहीं लगी थी।” मृतका की मां के मुताबिक, “रात ढाई बजे पुलिस आई। तब हमलोग उठे। दरवाजा खोलने के लिए निकले तो बेटी आंगन में औंधे मुंह गिरी हुई थी। पिता ने सोचा वो बेहोश पड़ी, लेकिन जैसी ही करीब गए उसके सिर से खून निकल रहा था। पुलिस ने बताया, आपकी बेटी की हत्या हो गई है।” पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल (SKMCH) भेज दिया है। DSP पूर्वी 2 मनोज कुमार सिंह ने कहा, “आरोपी ने बताया कि प्रेम-प्रसंग में शक होने पर उसने लड़की की हत्या की है। तलाशी लेने पर उसके पास से पिस्टल बरामद किया गया है। मौके से एक खोखा मिला है। लड़के को गिरफ्तार कर लिया गया है।” ————————— ये खबर भी पढ़ें… ‘अंजली को नहीं छोड़ूंगा, मुझे जॉब का धौंस दिखा रही’:भास्कर के पास कमलेश-रुपेश का चैट; बॉयफ्रेंड ने लिखा- मैं उसके लिए ऑप्शन, मुझे गालियां देती है भोजपुर के लापता टीचर कमलेश राय और गिरफ्तार की गई दरोगा अंजली के बॉयफ्रेंड रुपेश चौबे के बीच हुई वॉट्सएप चैट सामने आई है। चैट में रुपेश, कमलेश से अपना दुख बयां कर रहा है। कह रहा है, ‘अंजली मुझे जॉब का धौंस दिखा रही है। मैं उसे नहीं छोड़ूंगा। अगर मेरे सामने वो रोते हुए भी आएगी तो मैं उसे 5 थप्पड़ मारुंगा।’ पूरी खबर पढ़ें…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *