भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव ने एक बार फिर राजनीति से दूरी बनाने की बात कही है। बीजेपी में जाने के सवाल को खारिज करते हुए खेसारी लाल ने कहा कि वे कहीं नहीं जा रहे, कलाकार के रूप में ही रहना चाहते हैं। वहीं, पवन सिंह और उनकी पत्नी ज्योति सिंह के बीच तलाक वाले मसले पर कहा खेसारी ने कहा, ‘ये उनका पारिवारिक मामला है, मत कुछ पूछिए। इमोशनल होकर बोल देता हूं, तो बहुत ट्रोल हो जाता हूं।’ दरअसल, बुधवार शाम खेसारी लाल यादव पटना एयरपोर्ट पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कई सवालों के जवाब दिए। पॉलिटिक्स को लेकर और बीजेपी में जाने की बात पर उन्होंने कहा, ‘मैं कहीं नहीं जा रहा हूं, मैं कलाकार हूं, मुझे कलाकार ही रहने दीजिए। मेरे बस में राजनीति नहीं है, क्योंकि राजनीति में आपको झूठ बोलना पड़ता है और हम सच बोलने वाले लोग हैं। चुनाव लड़कर देख लिया। सिचुएशन ऐसा हुआ, मैं लड़ लिया। देख लिया कि सच्चाई यहां नहीं चल सकती है। मैं कलाकार हूं, बहुत खुश हूं। अभी तो मैं कुछ नहीं सोच रहा हूं, मुझे संगीत से मतलब है और संगीत ही मेरा जीवन है।’ खेसारी बोले- दर्द के हिसाब से कुछ बोल जाता था पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह के सवाल पर खेसारी ने कहा, ‘मैं पहले कुछ बोल गया था, उस बात को लेकर बहुत ज्यादा ट्रोल हुआ। अब उनका पारिवारिक मामला है। मैं कुछ भी नहीं बोलूंगा, मेरी भी बेटी है। मैं दर्द के हिसाब से कुछ बोल जाता था, लेकिन मुझे नहीं लगता कि कुछ बोलना चाहिए। बोलने के बाद फालतू के सवाल मेरे ऊपर खड़े हो जाते हैं। यह सरकार का विषय है, कोर्ट का विषय है और जिनका विषय है, वही सुलझाएं।’ खेसारी बोले- मेरा गाना चांद पर बज रहा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के पवन सिंह के गाने पर डांस करने पर उन्होंने कहा कि गाना किसका है, यह मुद्दा नहीं है, बल्कि भोजपुरी से प्रेम बड़ा मुद्दा है। उन्होंने कहा कि भोजपुरी को आगे बढ़ाने में खिलाड़ी जैसे ईशान किशन और एमएस धोनी भी गौरव बढ़ा रहे हैं। उनका गाना तो धरती पर बज रहा है, मेरा गाना चांद पर बज रहा है। बंगाल चुनाव में प्रचार पर उन्होंने कहा कि अगर कोई बुलाएगा तो वह जरूर जाएंगे, चाहे वह भारतीय जनता पार्टी हो या राष्ट्रीय जनता दल या कोई और पार्टी। तेजप्रताप यादव के स्टार वाले बयान पर खेसारी ने कहा कि हर आदमी हमेशा स्टार नहीं रहता और यह प्रकृति का नियम है। मीट बिक्री और शराबबंदी पर कसा तंज बिहार में मीट बिक्री और शराबबंदी पर खेसारी ने तंज कसते हुए कहा कि खुले में बहुत चीजें बंद दिखती हैं, लेकिन अंदर सब चलता रहता है। बेटियों की सुरक्षा को लेकर उन्होंने कहा कि अगर राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं तो यह सरकार की जिम्मेदारी है। सरकार को इस पर गंभीरता से सोचना चाहिए। उन्होंने कहा कि हर घर में एक बेटी जरूर होनी चाहिए, ताकि बेटियों का दर्द समझा जा सके। ——————— ये भी पढ़ें खेसारी बोले- मैं खुला तो नंगा कर दूंगा:राम मंदिर पर दिए बयान पर दी सफाई; पवन सिंह पर कहा- कौन कितना चरित्रवान सबको पता है भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के सुपरस्टार और राजद नेता खेसारी लाल यादव चर्चा में है। शुक्रवार (5 दिसंबर) को उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया। इस वीडियो में उन्होंने इलेक्शन के दौरान राम मंदिर पर दिए गए बयान पर ट्रोल किए जाने पर जवाब दिया है। साथ ही उन्होंने पवन सिंह पर भी निशाना साधा है। खेसारी लाल यादव ने राजद से टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। चुनाव हारने के बाद उन्होंने सोशल मीडिया से दूरी बना लिया था, लेकिन अब एक बार फिर से एक्टिव हो गए हैं। पूरी खबर पढ़ें