सिरसा वाइस-चेयरमैन चुनाव स्थगित बाद भाजपा कार्यालय में पार्षद एकजुट:बीजेपी-हलोपा जिंदाबाद के नारे लगा दिखाई एकजुटता, उम्मीदवार चयन पर की चर्चा

सिरसा नगर परिषद के वाइस चेयरमैन पद का चुनाव स्थगित होने के बाद बीजेपी और कांडा गुट के पार्षदों की बुधवार देर शाम को भाजपा कार्यालय में गुपचुप मीटिंग हुई। इस दौरान वाइस चेयरमैन चुनाव पर चर्चा हुई और बीजेपी व कांडा गुट से उम्मीदवार चयन पर विचार-विमर्श किया गया। मीटिंग के बाद सभी पार्षद एकजुट हुए और बीजेपी व हलोपा जिंदाबाद के नारे लगाकर एकजुटता दिखाई। कई देर तक यह मीटिंग चली। यह इशारा कांग्रेस की ओर था, क्योंकि कांग्रेसी ही बार-बार आरोप लगा रहे थे कि बीजेपी व हलोपा पार्षदों में उम्मीदवार चयन पर सहमति नहीं बनी। इसलिए चुनाव स्थगित करवाना पड़ा। यह मीटिंग भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंदर सिंह, भाजपा नेता गोबिंद कांडा, नगर परिषद चेयरमैन वीर शांति स्वरूप की अध्यक्षता में हुई। भाजपा जिलाध्यक्ष यतिंदर सिंह भी भाजपा और हलोपा जिंदाबाद के नारे लगाते दिखे। इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इस मीटिंग के बाद जल्द ही वाइस चेयरमैन के उम्मीदवार के नाम पर मुहर लगने वाली है। हालांकि, अभी किसी का नाम तय नहीं हुआ है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी भी वाइस चेयरमैन चुनाव के चलते उम्मीदवार चयन पर चर्चा करके गए हैं। सूत्रों की मानें तो अब आखिर में सीएम की ओर से वाइस चेयरमैन उम्मीदवार पर मुहर लग सकती है। पिछले कुछ दिनों से चल रही थी गुटबाजी चूंकि, पिछले कुछ दिनों से पार्षदों में गुटबाजी चल रही थी। बीजेपी अपना वाइस चेयरमैन बनाना चाहती है और कांडा गुट के पार्षद अपनों में से ही चेयरमैन के साथ-साथ वाइस चेयरमैन बनाना चाहते हैं। ऐसे में दोनों गुटों से पार्षदों को बुलाया गया और सभी की नाराजगी दूर की गई। चुनाव के दौरान एक साथ दिखे थे सभी पार्षद इधर, कांग्रेस से विधायक गोकुल सेतिया गुट से पार्षद नगर परिषद कार्यालय से चुनाव स्थगित होने के कुछ देर बाद अपने गंतव्य चले गए। विधायक गोकुल सेतिया ने भी किनारा कर लिया है और पार्षदों को अपने हिसाब से चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए कह दिया है। इसे लेकर विधायक ने सोशल मीडिया पर पोस्ट भी शेयर की है। कांग्रेस पार्षदों की संख्या 10 और दो निर्दलीय पार्षदों का समर्थन है। कुछ पार्षदों का अंदरूनी समर्थन होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि, बीजेपी कार्यालय में हुई मीटिंग के दौरान भी कुछ पार्षद नदारद नजर आए। वे कांडा गुट से वाइस चेयरमैन उम्मीदवार बनाने पर नाराज है और कुछ पार्षद प्रतिनिधियों ने बुधवार को चुनाव स्थगित होने के दौरान कांडा गुट से उम्मीदवार बनाए जाने पर खुलकर नाराजगी जताई थी। इस दौरान बीजेपी, कांग्रेस व हलोपा के पार्षद एकत्रित होकर फोटो भी खिंचवाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *