कैथल के पूंडरी से भाजपा विधायक सतपाल जांबा द्वारा अपनी ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को दूध के धुले नहीं और दूसरी पार्टियों से गंदे लोग शामिल होने की बात कहने का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब पूंडरी की राजनीति में इसे सतबीर भाना से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले को लेकर एक ओर जहां विधायक ने कहा है कि उन्होंने किसी व्यक्ति का स्पष्ट नाम नहीं लिया, वहीं सतबीर भाना ने इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि इस मामले में पार्टी की ओर से उचित कार्रवाई की जाएगी। अगर पार्टी केवल विधायक की बन जाएगी तो वे इस्तीफा दे देंगे। विधायक ने कहा- पार्टी में गलत आदमी का विरोध करना चाहिए बयान की वीडियो वायरल होने के बाद अपनी प्रतिक्रिया देते हुए विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि पार्टी में कुछ लोग स्वार्थ से आते हैं। पार्टी का फायदा उठाने वाले लोगों से हमें अलर्ट रहना चाहिए। हमारी पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है। ध्यान रखना चाहिए कि ये लोग गलत इंटेंशन से पार्टी में आए हैं। अगर पार्टी में कोई गलत आदमी एंट्री करता है तो उसका विरोध करना चाहिए। इस संबंध में वे पार्टी को लिखित रूप में भी अवगत करवाते रहते हैं। मेरा एक ही मकसद है, वो है पूंडरी का विकास करना। अगर कोई इसमें अवरुद्ध पैदा करे तो वह बर्दाश्त नहीं होगा। विधायक ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति दूसरों को बहकाकर हलके के काम रुकवा रहा है तो वह गलत है। बोले- भाजपा आई तो पार्टी के झंडे लगा लिए इन लोगों को पहले लगता था कि प्रदेश में भाजपा सरकार नहीं आएगी। तब ये लोग कांग्रेस की ओर भाग गए। जैसे ही भाजपा आई तो दोबारा बुके लेकर बैठ गए और झंडे लगा लिए। ये इशारा उन लोगों की तरफ है। जब विधायक से ये पूछा गया कि क्या ये इशारा सतबीर भाना की ओर है। इस सवाल पर नाम लिए बिना विधायक ने कहा कि लोग सब जानते हैं। सब पता ही है, मैंने पहले भी कहा कि वे मतलब की राजनीति से पार्टी में आए हैं और उन्हें अपना स्वार्थ पूरा करना है। वे अपना स्वार्थ पूरा कर भी रहे हैं और कहां जाएंगे। भाना बोले- मामले पर पार्टी लेगी संज्ञान वहीं इस संबंध में सतबीर भाना ने कहा कि भाजपा किसी अकेले व्यक्ति की पार्टी नहीं है। भारत का रहने वाला कोई भी नागरिक पार्टी को जॉइन कर सकता है। विधायक कह रहे हैं कि मेरी पार्टी है। जब पार्टी उनकी हो जाएगी, तब हम पार्टी से इस्तीफा दे देंगे। मुझे पार्टी अच्छी लगी तो मैंने जॉइन की। सीएम ने खुद उनको अच्छा मानकर पार्टी जॉइन करवाई है। जिस प्रकार विधायक बयान दे रहे हैं, इससे हलके में उनकी छवि गिर रही है। पार्टी अनुशासन में रहने वाले की कद्र करती है। पार्टी ही इस पर संज्ञान लेगी। सीएम ने भाना को भाजपा जॉइन करवाई गौरतलब है कि विधानसभा पूंडरी से सतबीर भाना ने 2019 पूर्व में कांग्रेस पार्टी की टिकट पर चुनाव लड़ा था। 2024 में उन्हें कांग्रेस ने टिकट नहीं दी। तब उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा था और भाजपा को कांटे की टक्कर दी थी, लेकिन चुनाव हार गए थे। भाना दो हजार वोटों से चुनाव हार गए थे। जुलाई 2025 में उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के सानिध्य में भारतीय जनता पार्टी ज्वाइन कर ली। वर्तमान भाजपा विधायक सतपाल जांबा के साथ उनकी बनती नहीं।