फतेहाबाद में कांग्रेसी चेयरमैन की कुर्सी पर फैसला आज:रतिया पंचायत समिति सदस्य करेंगे तय; विरोधी खेमे को 14 वोट की जरूरत

फतेहाबाद जिले की रतिया पंचायत समिति के कांग्रेसी चेयरमैन केवल मेहता की कुर्सी बचेगी या जाएगी, इसका फैसला आज होगा। सदस्यों की ओर से लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर आज (गुरुवार) को मीटिंग हाेगी। इस मीटिंग में वोटिंग के जरिए सदस्य अपना फैसला सुनाएंगे। पंचायत समिति के 22 सदस्यों में से एक का निधन हो चुका है। ऐसे में 21 सदस्यों में से विरोधी खेमे को 14 सदस्यों की एकजुटता चाहिए। 14 सदस्यों द्वारा केवल मेहता के खिलाफ वोटिंग करते ही उनकी कुर्सी चली जाएगी। विरोधी खेमे का दावा है कि उनके पास पर्याप्त बहुमत है। बता दें कि 9 फरवरी को 21 में से 16 सदस्यों ने डीसी डॉ.विवेक भारती से मिलकर उनसे अविश्वास प्रस्ताव पर मीटिंग बुलाने की मांग की थी। इसके बाद 19 फरवरी का दिन वोटिंग के लिए तय किया गया। बीजेपी के मंडल अध्यक्ष रह चुके केवल मेहता विशेष बात यह है कि केवल कृष्ण मेहता करीब साढ़े तीन साल पहले बीजेपी में रहते हुए ही चेयरमैन बने थे, उस समय वह बीजेपी के मंडल अध्यक्ष थे। रतिया से तत्कालीन बीजेपी विधायक लक्ष्मण नापा के समर्थन से वह चेयरमैन बने। मगर अक्टूबर 2024 में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान वह लक्ष्मण नापा के साथ ही बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में चले गए। नापा और केवल मेहता पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल को रतिया से टिकट दिए जाने से नाराज हो गए थे। उसके बाद विधानसभा चुनाव में दुग्गल 20 हजार से ज्यादा वोटों से हार गई। इससे खफा सुनीता दुग्गल समर्थक लगातार केवल मेहता को कुर्सी से हटाने के प्रयास कर रहे हैं। एक बार बचा चुके कुर्सी चेयरमैन केवल मेहता के खिलाफ एक बार पहले जनवरी 2025 में भी पंचायत समिति सदस्यों ने बगावत की थी। उस समय उनके खिलाफ लाया गया अविश्वास प्रस्ताव रद्द हो गया था। तब खिलाफत करने वाले 12 सदस्य ही मीटिंग में पहुंचे थे, जबकि प्रस्ताव पास करने के लिए 15 सदस्यों की जरूरत थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *