लुधियाना के दाला बाजार में गुरूवार सुबह एक घर के भीतर चल रही फैक्ट्री में आग लग गई। जिससे एक व्यक्ति की अंदर ही जलकर मौत हो गई। यह फैक्ट्री दाल बाजार में चल रही थी। सुबह करीब 10 बजे फायर ब्रिगेड को सूचना मिली कि दाल बाजार की एक तंग गली में स्थित एक घर में अचानक आग लग गई है। रिहायशी इलाका और संकरी गलियां होने के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इलाका काफी भीड़भाड़ वाला और गलियां छोटी होने के कारण फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को अंदर तक ले जाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों के अनुसार जगह की कमी की वजह से करीब 12 लंबी पाइपें जोड़कर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। फायर ब्रिगेड के अधिकारी ने पुष्टि की है कि मलबे और धुएं के बीच से एक लाश बरामद हुई है। पुलिस प्रशासन ने शव की पहचान चरणजीत शर्मा (68 साल) के रूप में की हैं। मृतक की तीन बेटियां है (पढ़ें पूरी खबर) ************* पंजाब की अन्य खबरें CM भगवंत मान मोहाली हॉस्पिटल से डिस्चार्ज पंजाब CM भगवंत मान को अस्पताल से छुट्टी मिल गई है। वह अब सीएम आवास पर चले गए हैं। बताया जा रहा है कि वह अब पूरी तरह ठीक हैं। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि वह लुधियाना में किला रायपुर खेलों में शामिल हो सकते हैं। आज ही खेलों को समापन हो रहा है। हालांकि, अभी तक इस संबंधी ऑफिशियल प्रोग्राम नहीं आया है। सीएम को तबीयत खराब होने के बाद सोमवार को उन्हें अस्पताल में भर्ती किया गया था। इसके बाद बुधवार को दिल्ली के पूर्व मंत्री मनीष सिसोदिया ने उनसे मुलाकात की थी। पढ़ें पूरी खबर… चंडीगढ़ में लापरवाही के आरोप में SHO लाइन हाजिर, रिटायर्ड इंस्पेक्टर की बहू की मौत का मामला चंडीगढ़ में रिटायर्ड इंस्पेक्टर के बेटे की पत्नी अमनदीप कौर की मौत के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में सेक्टर-49 थाना प्रभारी ओम प्रकाश को डीजीपी डा. सागर प्रीत हुड्डा के आदेश पर लाइन हाजिर कर दिया गया है। इस मामले में आई विसरा रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि अमनदीप कौर की मौत जहरीला पदार्थ खाने से हुई थी। रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस ने ससुराल पक्ष के खिलाफ दहेज हत्या का मामला दर्ज किया। पुलिस ने सेक्टर-51 स्थित पुलिस सोसायटी निवासी रिटायर्ड इंस्पेक्टर स्वर्ण सिंह, उनके बेटे गगनदीप सिंह और बहू गुरजीत कौर के खिलाफ दहेज मृत्यु की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। तीनों आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पढ़ें पूरी खबर… डेराबस्सी में रामलीला मैदान के पास चाकूबाजी, सीसीटीवी में कैद हुई खूनी झड़प मोहाली में डेराबस्सी के रामलीला मैदान की भीड़भाड़ के बीच जैन स्कूल के गेट के सामने युवकों के बीच खूनी झड़प हो गई। इसमें दो युवक घायल हुए, जिनमें से एक को सिविल अस्पताल डेराबस्सी में भर्ती कराया गया है। जबकि, दूसरा घायल युवक मौके से फरार बताया जा रहा है। मारपीट और चाकूबाजी की यह करीब डेढ़ मिनट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसमें साफ दिखाई दे रहा है कि युवकों के बीच लात-घूंसे, चाकू, ईंट-पत्थरों का जमकर इस्तेमाल किया गया। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन युवकों के उग्र तेवरों के चलते उन्हें पीछे हटना पड़ा। पढ़ें पूरी खबर…