कार नहर में गिरी, कारोबारी, पत्नी और बेटे की मौत:औरेया में रात भर गाड़ी पड़ी रही, सुबह टायर दिखा, शादी फंक्शन से लौट रहे थे

औरैया में बेकाबू कार 20 फीट गहरी नहर में गिर गई। हादसे में कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। कारोबारी रिश्तेदार की बेटी के शादी के फंक्शन में परिवार के साथ इटावा से औरैया आए थे। बुधवार देर रात कार से घर लौट रहे थे, तभी हादसा हो गया। रातभर परिवार गाड़ी समेत नहर में पड़ा रहा। आसपास के लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी। गुरुवार सुबह 7 बजे राहगीरों ने नहर में कार का टायर देखा। शक होने पर आसपास के लोगों को बुलाया। फिर पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में पुलिस ट्रैक्टर और जेसीबी लेकर पहुंची। ग्रामीणों ने नहर में उतरकर कार में रस्सी बांधी। इसके बाद ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से कार को खींचकर बाहर निकाला गया। देखा तो कार के दरवाजे लॉक थे। शीशा तोड़ा गया, तो अंदर से तीन शव मिले। पुलिस को गाड़ी में एक फोन मिला। भीगने के चलते मोबाइल काम नहीं कर रहा था, इसलिए सिम निकालकर उसमें सेव नंबर पर कॉल की गई। फोन शाहजहांपुर के कारोबारी को मिला। उन्होंने बताया कि यह नंबर किसका है। इसके आधार पर परिवार की शिनाख्त हुई। हादसा जिला मुख्यालय से 35 किलोमीटर दूर अछल्दा थाना क्षेत्र में हुआ। हादसे की 3 तस्वीरें…
कार लॉक हुई, परिवार को चिल्लाने तक मौका नहीं मिला
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान राजीव कुमार पोरवाल (60), उनकी पत्नी मधु गुप्ता (55) और बेटे शुभम (27) के रूप में हुई है। परिवार इटावा के भरथना थाना क्षेत्र का रहने वाला था। राजीव दाल और डालडा का व्यापार करते थे।

मृतक राजीव के दो बेटी, दो बेटे थे। एक बेटे और एक बेटी सोनाली की शादी हो चुकी है। दूसरी बेटी मोहिनी दिल्ली में MBBS कर रही है। जिसकी अभी शादी नही हुई है। बड़ा बेटा सूर्य मोहन नोएडा में व्यापार करता है। राजीव कुमार 4 भाई थे। जिसमें प्रदीप कुमार, किशन कुमार, साजन कुमार इटवा में व्यापर करते है। अब पूरा घटनाक्रम समझिए… उनकी रिश्तेदारी में बुधवार को शादी से पहले की रस्में थीं। दिबियापुर में भगवतीगंज निवासी अशोक पोरवाल के यहां तेल के बुलावे में गए थे। अशोक पोरवाल की बेटी की 20 फरवरी को जालौन से शादी होनी है। वह पत्नी और बेटे के साथ वहां गए थे। देर रात रस्म में शामिल होने के बाद साढ़े दस बजे घर निकल गए थे। जिससे घटना करीब 11.30 से 12 बजे रात के बीच तुरुकपुर गांव के पास कार अनियंत्रित होकर गंग नहर में जा गिरी। रात अधिक होने के चलते घटना की जानकारी पुलिस को नहीं हो सकी। कार के दरवाजे लॉक हो गए थे, इसलिए परिवार कार से बाहर नहीं निकल पाया। उन्हें चिल्लाने तक का मौका नहीं मिला। गुरुवार सुबह राहगीर नहर के पास से गुजर रहे थे, तभी उन्हें कार का एक टायर दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर पूरी कार नजर आई।
जेसीबी-ट्रैक्टर से कार को नहर से खींचा
इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। देखते-देखते 100 से ज्यादा लोग जुट गए। इसी दौरान पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जेसीबी और ट्रैक्टर बुलवाया। रस्सी मंगाकर रेस्क्यू शुरू किया गया। ग्रामीण नहर में उतरे और रस्सी कार में बांधी। फिर ट्रैक्टर और जेसीबी की मदद से करीब 1 घंटे बाद कार को बाहर निकाला गया। कार बाहर आने पर उसके दरवाजे लॉक मिले। पुलिस ने शीशा तोड़ा, तो कारोबारी, पत्नी और बेटे के शव मिले। पूरी रात पानी में डूबे रहने के कारण शव फूल चुके थे। पुलिस ने तीनों को तत्काल सीएचसी अछल्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ डीएम और एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। घटना की जानकारी होने पर इटावा में व्यापारी राजीव पोरवाल के घर के बाहर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। वहीं हादसे के बाद औरैया के दिबियापुर में अशोक पोरवाल के घर पर सन्नाटा पसरा हुआ है। परिवार के लोग गेट में ताला लगाकर घटनास्थल के लिए निकल गए। ——————————— यह खबर भी पढ़ें लखनऊ में लुटेरे से भिड़ी बैंक मैनेजर की पत्नी…VIDEO: जैकेट पकड़कर लड़ती रही, धक्का देकर चेन लेकर भागा लुटेरा लखनऊ में एक महिला चेन स्नैचर से भिड़ गई। उसका जैकेट पकड़कर चेन वापस लेने की भरसक कोशिश की। महिला को अकेला जूझता देख मोहल्ले के लोग दौड़े। यह देखकर बदमाश ने महिला को तेज धक्का दिया और चेन लेकर फरार हो गया। घटना पास ही लगे एक CCTV में कैद हो गई। घटना वृंदावन कॉलोनी सेक्टर-11 में मंगलवार सुबह हुई। यहां पढ़ें पूरी खबर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *