लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का सत्याग्रह:कांग्रेस का प्रदेशव्यापी विरोध, प्रदेश अध्यक्ष राय बोले, सरकार विपक्ष की आवाज नहीं दबा सकती

17 फरवरी 2026 को ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ के तहत आयोजित विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसजनों पर पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस ने सत्याग्रह किया। कांग्रेस मुख्यालय, लखनऊ स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बैठकर योगी सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया। आरोप, सरकार के इशोर पर पुलिस ने बल प्रयाग किया कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया, जिसमें शीर्ष नेताओं समेत कई कार्यकर्ता घायल हो गए। इस कार्रवाई के विरोध में प्रदेशभर के सभी जनपदों में भी सत्याग्रह कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। विपक्ष की आवाज को दबाने दमन पर उतरी सरकार : अजय राय सत्याग्रह की अध्यक्षता करते हुए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध हर नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है, लेकिन प्रदेश की भाजपा सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए लगातार दमनकारी नीतियां अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज सरकार की तानाशाही प्रवृत्ति को दर्शाता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर अन्याय के खिलाफ संघर्ष करती रही है और आगे भी करती रहेगी। यदि सरकार ने अपनी कार्रवाई नहीं रोकी तो पार्टी प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन छेड़ेगी। भाजपा सरकार कांग्रेस से भयभीत है : प्रमोद तिवारी राज्यसभा में उपनेता प्रतिपक्ष प्रमोद तिवारी ने कहा कि प्रदर्शन से दो दिन पहले ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नोटिस देना, हाउस अरेस्ट करना और रास्तों में रोकना यह दर्शाता है कि सरकार कांग्रेस से भयभीत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रही है। तिवारी ने कहा कि मनरेगा योजना में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम शामिल होने के कारण भाजपा उसे समाप्त करना चाहती है, लेकिन गांधी का नाम देश से कभी मिटाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि यदि योजना समाप्त हुई तो गरीबों, मजदूरों, किसानों और महिलाओं के सम्मानजनक रोजगार की गारंटी समाप्त हो जाएगी। मनरेगा ही कोविड में मजदूरों का बनी थी सहारा : वीरेंद्र चौधरी विधायक वीरेंद्र चौधरी ने कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। कोरोना काल में इसने प्रवासी मजदूरों को सहारा दिया और ग्रामीण ढांचे को मजबूती प्रदान की। कार्यक्रम में उ.प्र. कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’, जिला कांग्रेस कमेटी लखनऊ के अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस कमेटी उत्तरी के अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने गांधी प्रतिमा के समक्ष बैठकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *