संगरूर में निहंग बाणे में आए 6 लोगों ने नाई का काम करने वाले सिख बुजुर्ग की जमकर पिटाई कर दी। इस दौरान गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उनके साथ भी बदसलूकी की। इसके बाद मुख्य सेवादार ने गुरुद्वारा साहिब से अनाउंसमेंट की और पूरा गांव इकट्ठा हो गया। इस दौरान बाणा पहने 5 लोग फरार हो गए, जबिक एक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। ग्रामीणों ने उसकी छित्तर परेड कर दी। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया। इस घटना का अब वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। लोगों ने आरोपियों के तरीके पर एतराज जताया और उन्होंने इसे गुंडागर्दी बताया। घटना बुधवार को भट्टीवाल कलां में सामने आई। ग्रामीणों के मुताबिक गांव का बुजुर्ग जसपाल सिंह गुरसिख है और वो कई सालों से गांव में नाई की दुकान चलाकर अपना परिवार पाल रहा है। किडनी का मरीज है जसपाल सिंह
गांव की महिलाओं का कहना है कि जसपाल सिंह गरीब है और उसकी किडनियां भी खराब हैं। वो नाई की दुकान चलाकर कई सालों से अपना परिवार पाल रहा है। महिलाओं ने कहा कि अगर निहंग सिंहों को सिख व्यक्ति द्वारा बाल काटना गलत लग रहा था तो वो उसे समझाते और माफी मंगवाते। किसी को इस तरह पीटना गलता है। बाणा पहनकर कर रहे थे बदमाशी
गांव के शेरी बाबा ने कहा कि निहंग ऐसे नहीं होते। उन्होंने कहा कि जो सिखी को प्यार करते हैं वो इस तरह का व्यवहार नहीं करते। उन्होंने कहा कि निहंग का बाणा पहनकर बदमाश आए थे। उन्होंने बताया कि वो सीधे जसपाल सिंह की दुकान पर आए और पीटने लगे। उन्हें किसी बात का एतराज था तो उसे समझाते। गांव के लोगों ने एकत्रित होकर फिर उनकी बदमाशी बाहर निकाल दी और उनकी जमकर पिटाई की। मुझे धमकी दी और कहा जो कर सकते हो कर लो
गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार दीप सिंह ने बताया कि जब वो जसपाल को पीट रहे थे तो उन्होंने विरोध किया। उनसे कहा कि इसकी दुकान बंद करवाकर इसकी रोटी का प्रबंध करो। जिस पर निहंग बाणे में आए लोगों ने उन्हें ही धमकियां देनी शुरू कर दी और कहा कि जो कर सकता हो कर लो। दीप सिंह ने बताया कि वो फिर गुरुद्वारा साहिब में गए और अनाउंसमेंट करके पूरा गांव बुला दिया। फिर गांव के लोगों ने उन्हें दिखा दिया कि किस तरह से बदमाशी की जाती है। ऐसे लोग सिखी को बदनाम करते हैं। पंचायत के पास आते और बात करते, पीटना ठीक नहीं
ग्रामीणों का कहना है कि अगर उन्हें जसपाल सिंह के बाल काटने से दिक्कत थी तो उनको पंचायत के पास आकर बात करनी चाहिए थी। पंचायत में बात रखते और उसके बाद जसपाल सिंह से बात करते। वो गरीब आदमी है और उसकी रोजी रोटी का वही साधन है। लेकिन उन्होंने जो बदमाशी की है वो सहन करने लायक नहीं थी। ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची तब तक 5 लोग फरार हो चुके थे। एक ही व्यक्ति को ग्रामीणो ने पुलिस के हवाले किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अभी इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है।