पानीपत में फैक्ट्री के पास युवक से लूट, VIDEO:मारपीट करके छीने रुपए और छाता, बाइक सवार 4 बदमाशों ने की वारदात

पानीपत शहर में स्थित वर्धमान फैक्ट्री के पास बारिश के दौरान पैदल जा रहे एक युवक के साथ बाइक सवार 4 बदमाशों ने मारपीट की। बदमाश उससे नकदी सहित उसका छाता भी लूटकर फरार हो गए। यह पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। हालांकि, डरे सहमे पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस को नहीं दी है। लेकिन, फुटेज के आधार पर पुलिस पीड़ित की तलाश कर रही है, ताकि उससे शिकायत लेकर बदमाशों पर कार्रवाई की जा सके। जानकारी के अनुसार, एक युवक बरसात से बचने के लिए छाता लेकर संकरी गली से पैदल गुजर रहा था। तभी अचानक दो बाइकों पर सवार 4 बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने बाइक रोककर पैदल जा रहे युवक का रास्ता रोका और बिना कुछ कहे उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। वारदात से जुड़ी 2 PHOTOS… पैसे छीने और छाता भी ले गए बदमाश सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि चारों बदमाशों ने पहले पीड़ित के साथ मारपीट की और फिर उसकी जेब में रखे 1500 रुपए जबरन निकाल लिए। संवेदनहीनता की हद तो तब हो गई जब जाते-जाते लुटेरे युवक का छाता भी छीनकर मौके से फरार हो गए। पीड़ित युवक बरसात में भीगता हुआ असहाय खड़ा रह गया। नशे के लिए लूट की आशंका स्थानीय लोगों और प्राथमिक जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने वाले युवक नशे के आदी बताए जा रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि नशे की लत को पूरा करने के लिए ही उन्होंने इस छोटी सी रकम और सामान के लिए लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है। पुलिस कार्रवाई सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस फुटेज के आधार पर बाइक के नंबर और आरोपियों के हुलिए की पहचान कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *