नमस्कार, पंजाब की आज की पहली सबसे बड़ी खबर पंजाब CM भगवंत मान के डिस्चार्ज होते ही उनके ऑफिस और चंडीगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी की रही। हालांकि मेल में दिए टाइम के मुताबिक कोई धमाका नहीं हुआ। दूसरी बड़ी खबर पंजाबियों के हिमाचल जाना महंगा होने से जुड़ी रही। जिसमें हिमाचल सरकार ने एंट्री टैक्स बढ़ा दिया है। दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा… 1. अस्पताल से डिस्चार्ज होते ही CM मान का ऑफिस उड़ाने की धमकी पंजाब सीएम भगवंत मान को अस्पताल से छुट्टी मिलने बाद चंडीगढ़ में उनके पंजाब सचिवालय स्थित ऑफिस और चंडीगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली। यह धमकी ईमेल के जरिए दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया और पूरे इलाके को खाली करा लिया गया। हरियाणा सचिवालय को भी अलर्ट पर रखा गया है। धमकी भरा यह ईमेल संबंधित विभाग को मिला था, जिसमें CM ऑफिस में विस्फोट करने की बात कही गई है। इस ईमेल का स्क्रीनशॉट वायरल हुआ। हालांकि, इसकी पुलिस या प्रशासन के किसी अधिकारी ने पुष्टि नहीं की है। पुलिस, CRPF, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉयड की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे इलाके की बारीकी से तलाशी ली। जांच में कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इससे पहले भी मंगलवार को भी मोहाली के अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसमें CM मान भर्ती थे। हालांकि, वह धमकी भी झूठी निकली थी। (पढ़ें पूरी खबर) 2. पंजाबियों का हिमाचल जाना महंगा, वाहनों की एंट्री फीस बढ़ी पंजाब-चंडीगढ़ के लोगों को अब हिमाचल प्रदेश की सैर महंगी होने वाली है। प्रदेश में बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों की एंट्री फीस 30 रुपए से लेकर 230 रुपए प्रति गाड़ी बढ़ा दी गई है। राज्य सरकार ने नए रेट का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। जो 1 अप्रैल से लागू होंगी। सरकार ने प्राइवेट कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहनों पर लगने वाली एंट्री फीस 70 रुपए से बढ़ाकर सीधे 170 रुपए कर दी है। यानी 100 रुपए का बढोतरी की गई है। इसी तरह, 12+1 सीटर पैसेंजर वाहनों का शुल्क 110 रुपए से बढ़ाकर 130 रुपए किया गया है। मिनी बस (32 सीटर) का शुल्क 180 रुपए से बढ़ाकर 320 रुपए, जबकि कमर्शियल बसों के लिए शुल्क 320 रुपए से बढ़ाकर 600 रुपए कर दिया गया है। नई टोल बैरियर नीति के तहत एंट्री फीस की वसूली बैरियरों पर ही की जाएगी। इसके लिए फास्टैग अनिवार्य किया जा रहा है। बैरियरों की नीलामी अब ऑनलाइन माध्यम से होगी। जिला स्तर पर डीसी की अध्यक्षता में कमेटी गठित की जाएगी, जो संचालन और निगरानी करेगी। नए रेट का असर न केवल बाहरी राज्यों के टूरिस्ट पर पड़ेगा, बल्कि सामान की ढुलाई की दर्रों में भी इजाफा होगा। (पढ़ें पूरी खबर) 3. लॉरेंस गैंग की लेडी डॉन ‘मैडम जहर’ गिरफ्तार हरियाणा के गुरुग्राम से सटे महिपालपुर से लॉरेंस और हाशिम बाबा गैंग से जुड़े गैंगस्टर महफूज उर्फ बॉबी कबूतर और उसकी गर्लफ्रेंड नेहा को गिरफ्तार किया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की ओर से गिरफ्तार की गई महिला की पहचान खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा के रूप में हुई है। वह बॉबी कबूतर गैंग में ‘मैडम जहर’ के नाम से जानी जाती है। इन दोनों के अलावा बॉबी कबूतर के दो साथी मोहम्मद राजी खान और शाहबाज को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, बॉबी कबूतर ने मूसेवाला की हत्या से पहले उनके रूट और मूवमेंट की रेकी की थी और यह गोपनीय जानकारी मुख्य हमलावरों तक पहुंचाई थी। इसके अलावा बॉलीवुड एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर पर हुए हमले में हथियार सप्लाई करने में उसका नाम सामने आया था। जबकि, खुशनुमा अंसारी उर्फ नेहा को ड्रग्स तस्करी और गैंग के अवैध कामों में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उनके पास से ड्रग्स बरामद हुए हैं। नेहा नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली में एक ब्यूटी पार्लर चलाती थी। दिल्ली पुलिस अब उससे लॉरेंस गैंग और हाशिम बाबा नेटवर्क के बीच ड्रग लिंक के बारे में पूछताछ कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 4. गैंगस्टर लांडा हरिके ने कराई AAP सरपंच की हत्या तरनतारन में गांव ठठियां महंतां के सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच हरबरिंदर सिंह (45) की हत्या की गैंगस्टर लखबीर लांडा हरिके ने जिम्मेदारी ली है। वायरल पोस्ट में गैंगस्टर ने लिखा – आज जो सिद्धू फार्म पैलेस पर सरपंच का कत्ल हुआ है, वह हमने किया है, क्योंकि इन्होंने हमारे छोटे भाई नोनी का नुकसान किया था, जिसमें ये गवाह था। यह सिर्फ ट्रेलर था, अब तुम पर आगे जो भी होगा, तुम्हारी सात पीड़ियां हथियारों का नाम नहीं लेंगी। इससे पहले पुलिस ने इस मामल में 7 संदिग्धों को हिरासत में लिया है। जिससे पूछताछ की जा रही है। वहीं इस मामले में लापरवाही बरतने पर DGP गौरव यादव ने पट्टी के डीएसपी जगबीर सिंह और सरहाली थाने के SHO गुरविंदर सिंह को तुंरत सस्पेंड कर दिया था। वहीं, घटना के बाद मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर भी अस्पताल पहुंचे और मामले की जानकारी ली। हरबिंदर सिंह गांव ठठियां महंतां के सरपंच थे। उनके 2 बेटे हैं, जिसमें एक 8 साल का और दूसरा 11 साल का है। बता दें कि सरपंच हरबरिंदर के चचेरे भाई की बुधवार (18 फरवरी) को सिद्धू फार्म हाउस में शादी थी। इसी में दोपहर करीब ढाई बजे हमलावर बराती बनकर अंदर घुसे। इस बीच जब सरपंच स्टेज पर दोस्तों के साथ डांस करने के बाद सोफे पर बैठे तो एक युवक ने उनके पेट और सिर में 4 गोलियां मार दीं। वहीं बचाने आए उनके चचेरे भाई जर्मनजीत के पैर में गोली मार दी थी। (पढ़ें पूरी खबर) 5. निहंग से भिड़ी महंत, बोली- मैं खुलेआम नंगी हो जाऊंगी फरीदकोट से शुरू पाखंडी भगाओ, पंजाब बचाओ मुहिम कंट्रोवर्सी में घिर गई है। फिरोजपुर के महंतों के डेरे की प्रमुख नवीत कौर के साथ मुहिम चला रहे मनप्रीत सिंह खालसा दमदमी टकसाल का टकराव सोशल मीडिया पर आ गया है। बीबी नवीत कौर छांगे वाली का एक आडियो सामने आया है, जिसमें वह बाबा से कह रही है कि अगर आपको हमारे महंत होने पर शक है, तो मैं कपड़े उतार देती हूं। नवीत कौर ने कहा- बाबा जी, मैं सरेआम नंगी हो जाऊंगी, उस समय फिर एक नया इतिहास लिखा जाएगा कि सिंहों ने एक बीबी को नंगा किया। उधर, मनप्रीत सिंह खालसा ने वीडियो जारी कर कहा- फिरोजपुर के गांव छांगे की बीबी नवीत कौर ने सिख पंथ और हमारी जत्थेबंदी के सिंहों के खिलाफ बहुत ही गलत शब्दावली का प्रयोग किया। कई तरह के झूठे आरोप लगाए। इस संबंध में फिरोजपुर पुलिस के साथ हुई मीटिंग में बीबी ने अपनी गलती मानी और लिखित माफीनामा दिया। लेकिन संगत की मांग पर लाइव होकर माफी नहीं मांगी। वहीं विवाद बढ़ने पर मनप्रीत सिंह ने इसकी शिकायत फिरोजपुर SSP को की। इसके बाद पुलिस ने बीबी के खिलाफ फिरोजपुर थाने में FIR दर्ज कर ली है। (पढ़ें पूरी खबर) विदेश से… 6. ऑस्ट्रेलिया में सिख युवक को इंडियन डॉग कहा, नाक की हड्डी तोड़ी ऑस्ट्रेलिया के जिलोंग शहर में सिख युवक पर नस्लीय हमला किया गया है। हरमनप्रीत सिंह (22 साल) पर जिम के बाहर पहले नस्लीय टिप्पणी की गई और उसके बाद हमला किया गया। आरोपियों ने हरमनप्रीत सिंह की नाक पर हमला किया, जिससे उसकी नाक की हड्डी टूट गई। ऑस्ट्रेलियाई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हरमनप्रीत सिंह ऑस्ट्रेलिया में विक्टोरिया स्टेट जिलोंग शहर में रहते हैं। वह स्थानीय अस्पताल में मेडिकल अटेंडेंट के तौर पर कार्यरत हैं। घटना 18 फरवरी देर रात की है, जब वह कोरियो इलाके के जिम में वर्कआउट कर रहे थे। इसी दौरान जिम के अंदर कुछ युवकों ने उनपर नस्लीय टिप्पणियां कीं और उन्हें वापस जाने को कहा। हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि जब वो जिम से बाहर निकले तो तीन युवकों ने उसका पीछा किया और फिर उन्हें घेरकर हमला कर दिया। एक हमलावर ने उनकी नाक पर अपने सिर से हमला किया। जिससे उनकी नाक की हड्डी टूट गई और वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। इसके बाद आरोपी एक ग्रे रंग की कार में फरार हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से हरमनप्रीत को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी नाक में फ्रैक्चर की पुष्टि की। डॉक्टरों को कहना है कि उन्हें सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। घटना के बाद से वह मानसिक रूप से भी आहत हैं और असुरक्षा महसूस कर रहे हैं। उन्होंने विक्टोरिया पुलिस को शिकायत दी। (पूढ़ें पूरी खबर) खबर हटके… 7. लुधियाना का आयरनमैन, 50 की उम्र में 200 किलो वजन उठाते जिस उम्र में लोग घुटनों के दर्द का सहारा ढूंढते हैं, उस उम्र में लुधियाना के गांव धरावली के गुरजीत सिंह उर्फ लाली ‘आयरन मैन’ अपनी पीठ पर 200 किलो वजन उठाकर हैरान कर देते हैं। किला रायपुर ग्रामीण ओलिंपिक 2026 में उन्होंने एक बार फिर अपनी दमदार ताकत का प्रदर्शन किया। कभी ढाई 2 क्विंटल तक वजन उठाने वाले लाली आज भी 2 क्विंटल किलो आराम से उठा लेते हैं। 15 साल की उम्र से शुरू हुआ यह सफर अब साढ़े तीन दशक पार कर चुका है। दूध और घी उनका ईंधन हैं, जबकि कड़ा अभ्यास उनकी दिनचर्या। खेती कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले गुरजीत सिंह सादा जीवन जीते हैं। बेटा दुकान पर काम करता है और बेटियां पढ़ाई में जुटी हैं। उनका साफ संदेश है कि असली ताकत नशे में नहीं, पसीने और देसी खानपान में छिपी है।(पढ़ें पूरी खबर) अन्य बड़ी खबरें… 8. PAK गई पंजाबी महिला ने बताया, कैसे बच्चों से छुपकर चलाई लव स्टोरी पंजाब से पाकिस्तान जाकर इस्लाम कबूल करने और नासिर हुसैन से निकाह करने वाली सरबजीत कौर उर्फ नूर फातिमा ने एक इंटरव्यू में अपनी पूरी कहानी बताई। सरबजीत कौर ने खुलासा किया कि उसकी और नासिर हुसैन की बातचीत 2016 में फेसबुक के जरिए शुरू हुई थी, जो बाद में दोस्ती से प्यार में बदल गई और 2025 के अंत तक शादी कर ली। सरबजीत ने बताया कि उसका पति 22 साल से यूके में है और वह बात करने के लिए मोबाइल अपने बच्चों से छिपाकर रखती थी। वह पहली बार ननकाना साहिब गई थी और 4 नवंबर को गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर वाघा बॉर्डर के रास्ते पाकिस्तान पहुंची। सरबजीत ने यह भी कहा कि उसने अपनी इच्छा से इस्लाम कबूल किया और किसी के दबाव में कोई फैसला नहीं लिया। अब वह पूरी जिंदगी यहीं पर बितानी चाहती है। कलमा में बड़ी ताकत है। अब वह नमाज पढ़ना सीख रही है। (पढ़ें पूरी खबर) 9. ट्राईसिटी में 6 लेन का रोड बनेगा, केंद्र ने मंजूरी दी ट्राईसिटी (चंडीगढ़-मोहाली-पंचकूला) के लिए केंद्र सरकार ने पंजाब में 1463.95 करोड़ की लागत से 6-लेन एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड स्पर को मंजूरी दे दी है। यह स्पर NH-205A के अंबाला-चंडीगढ़ सेक्शन को जीरकपुर बायपास से जोड़ेगा और ट्राई-सिटी रिंग रोड प्रोजेक्ट का अहम हिस्सा बनेगा। इस नए कॉरिडोर से मोहाली, चंडीगढ़ और पंचकूला के प्रमुख शहरी जंक्शनों पर लगने वाला भीषण जाम काफी हद तक कम हो जाएगा। ट्रैफिक अब शहरों के बीच से गुजरने की बजाय इस स्पर से डायवर्ट हो जाएगा। NH-44, NH-205A और NH-152 पर भारी वाहनों का दबाव घटेगा। इसके साथ ही हिमाचल से कनेक्टिविटी बढ़ेगी। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने खुद इस अप्रूवल की जानकारी दी। यह स्पर ट्राई-सिटी रिंग रोड के बड़े विजन का हिस्सा है। रिंग रोड पूरा होने पर दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की तरफ जाने वाला ट्रैफिक शहरों को बाईपास कर सकेगा। कई पैकेज पहले से चल रहे हैं, और यह नया स्पर प्रोजेक्ट को और मजबूत बनाएगा। (पढ़ें पूरी खबर) 8. संगरूर में निहंग की पिटाई, सिख बुजुर्ग को पीटने आए थे संगरूर के भट्टीवाल कला गांव में निहंग बाणे में आए कुछ लोगों ने नाई का काम करने वाले एक सिख बुजुर्ग की पिटाई कर दी। विरोध करने पर उन्होंने गुरुद्वारा साहिब के मुख्य सेवादार के साथ भी बदसलूकी की। इसके बाद मुख्य सेवादार ने गुरुद्वारा साहिब से अनाउंसमेंट कर ग्रामीणों को मौके पर बुला लिया। फिर ग्रामीण निहंगों पर टूट पड़े। उन्होंने एक निहंग को पकड़ा तो बाकी 5 वहां से भाग निकले। पकड़े गए निहंग की जमकर छित्तर परेड की गई। इसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। ग्रामीणों के मुताबिक, जसपाल सिंह गुरसिख हैं और कई वर्षों से गांव में नाई की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे हैं। उनका कहना है कि एक कार में सवार होकर छह लोग निहंग सिंहों के बाणे में आए और आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी अन्य लोगों को भी धमकाने लगे। लोगों ने आरोपियों के व्यवहार पर एतराज जताते हुए इसे गुंडागर्दी बताया है। ग्रामीण महिलाओं के अनुसार, जसपाल सिंह आर्थिक रूप से कमजोर हैं और उनकी किडनियां भी खराब हैं। उनका कहना है कि अगर किसी को आपत्ति थी तो समझाया जा सकता था या पंचायत के सामने बात रखी जा सकती थी, लेकिन मारपीट करना गलत है। (पढ़ें पूरी खबर) (पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)