लखनऊ में धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार लगना कैंसिल:बोले थे- करो तैयारी, आ रहे हैं मुगदरधारी; राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर कथा होनी थी

लखनऊ में धीरेंद्र शास्त्री का दिव्य दरबार मार्च महीने में नहीं लग पाएगा। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) में आयोजकों ने कार्यक्रम के लिए राष्ट्र प्रेरणा स्थल मैदान के लिए अप्लाई किया था। 19 फरवरी को LDA ने आयोजकों को पत्र लिखा, जिसमें जमीन देने से मना करने की बात कही। दरअसल, 14 मार्च से 18 मार्च तक प्रेरणा स्थल में कथा और दरबार का आयोजन होना था। इसके लिए हेल्प यू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट ने आवेदन किया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही थी। राष्ट्र प्रेरणा स्थल की क्षमता 2 लाख लोगों से ज्यादा की है। आयोजक कर रहे थे तैयारी कार्यक्रम को लेकर आयोजकों ने पहले सोशल मीडिया पर तैयारियां शुरू कर दी थीं। धीरेंद्र शास्त्री महाराज ने अपने फेसबुक पेज से भक्तों को मार्च में लखनऊ आगमन की जानकारी भी दी थी। हालांकि, अब आवंटन न होने के बाद कार्यक्रम पर विराम लग गया है। दरअसल, जब तक पुलिस और प्रशासन से जरूरी अनुमतियां नहीं मिलतीं, तब तक किसी भी बड़े आयोजन के लिए सार्वजनिक स्थल उपलब्ध नहीं कराया जाता। फिलहाल, आयोजकों की ओर से आगे की रणनीति पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। 4 दिन हनुमंत कथा, 1 दिन दिव्य दरबार बागेश्वर पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री ने कुछ दिन पहले लखनऊ आने की जानकारी धाम के फेसबुक पेज पर दी थी। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा था- जय सियाराम, बागेश्वर धाम की जय। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हम आ रहे हैं हनुमानजी की दिव्य मंगलमयी कथा सुनाने के लिए। सुंदरकांड पर होने वाली यह कथा दिव्य, भव्य और अद्भुत होने वाली है। करो दिव्य-भव्य तैयारी लखनऊवालो, 14-18 मार्च तक लखनऊ में रहेंगे मुगदरधारी। इस कथा का आयोजन राष्ट्र प्रेरणा स्थल में होने जा रही है। कथा, जीवन की व्यथा को मिटाती है और भगवान से मिलाती है। आओ, सत्संग में जीवन को धन्य करें। लखनऊ में 14 से 18 मार्च को कथा है। एक दिवसीय दिव्य दरबार भी लगाया जाएगा। LDA बोला- मरम्मत हो रही, पुलिस ने कहा- रिव्यू कर रहे सूत्रों के मुताबिक, पुलिस से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं मिलने के चलते LDA ने यह कदम उठाया। प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर अनुमति न मिलने के कारण प्राधिकरण ने आवंटन नहीं किया। वहीं, अधिशासी अभियंता एलडीए निशांत चंद्रा ने बताया कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर मरम्मत के काम होने हैं। इस कारण आवंटन नहीं किया गया और कोई खास वजह नहीं है। वहीं, संयुक्त पुलिस आयुक्त बबलू कुमार ने बताया कि धीरेंद्र शास्त्री की कथा की अनुमति को लेकर रिव्यू किया जा रहा है। ———————— ये खबर भी पढ़िए… आगरा में धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम अचानक कैंसिल : प्रशासन ने परमिशन रद्द की; VIDEO जारी करके बोले- कानून हाथ में नहीं ले सकते आगरा में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम ऐनवक्त पर कैंसिल कर दिया गया। प्रशासन का कहना है कि कार्यक्रम स्थल पर 5 हजार लोगों के बैठने की जगह थी, लेकिन 4 गुना ज्यादा करीब 20 हजार भक्त पहुंच गए। इसके चलते परमिशन रद्द कर दी गई। पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का कार्यक्रम शनिवार को राज देवम गार्डन में था। धीरेंद्र शास्त्री सुबह 11.30 बजे ही आगरा पहुंच गए। वह खंदारी पदम प्राइड अपार्टमेंट में यजमान के यहां रुके। (पूरी खबर पढ़िए)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *