जालंधर के बीएसएफ चौक पर उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब एक बिजली कर्मी ने पुलिस पर बदसलूकी और जबरन बाइक की चाबी निकालने का आरोप लगाया। नाके पर चेकिंग के दौरान शुरू हुआ यह विवाद इतना बढ़ा कि पुलिसकर्मी वीडियो बनाने पर भड़क गए और फोन छीनने की कोशिश की। काफी देर चले हंगामे के बाद बिजली विभाग के सीनियर अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला शांत हुआ। जालंधर के व्यस्त बीएसएफ चौक पर गुरुवार को भारी हंगामा देखने को मिला। यहां पुलिस और बिजली विभाग के एक कर्मचारी के बीच तीखी बहस हुई, जिसके बाद बिजली कर्मी ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। पीड़ित बिजली कर्मी के अनुसार, वह ड्यूटी के सिलसिले में कहीं जा रहा था। जब वह बीएसएफ चौक पहुँचा, तो वहाँ तैनात पुलिस बल ने नाकेबंदी के दौरान उसे रोक लिया। आरोप है कि दस्तावेज मांगने के बहाने पुलिसकर्मी ने उसकी बाइक की चाबी निकाल ली।
घटना का वीडियो बनाते हुए पीड़ित ने बताया कि जब उसने अपनी चाबी वापस मांगी, तो पुलिसकर्मियों ने टाल-मटोल शुरू कर दी। विवाद तब और बढ़ गया जब बिजली कर्मी ने पुलिस बूथ पर बैठे कर्मियों पर गालियां देने का आरोप लगाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि बिजली कर्मी बार-बार अपनी चाबी के बारे में पूछ रहा है, लेकिन बूथ में बैठा कर्मी उसे झिड़कते हुए कह रहा है कि “क्या चाबी उसे दी थी?” जब पीड़ित ने इस पूरी घटना को कैमरे में कैद करना चाहा, तो पुलिसकर्मी भड़क गया और उसका फोन छीनने का प्रयास किया। सड़क पर काफी देर तक चले इस हंगामे के कारण लोगों की भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के सीनियर अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया। हालांकि मामला शांत हो गया है, लेकिन चेकिंग के नाम पर वाहन की चाबी निकालना और नागरिक को परेशान करना पुलिस की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर रहा है।