बांका जिले के चांदन प्रखंड के पशु कर्मियों ने मानदेय नहीं मिलने के विरोध में पशु टीकाकरण का बहिष्कार करने की घोषणा की है। गुरुवार को प्रखंड मुख्यालय स्थित पशु चिकित्सालय में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड स्तरीय पशु कर्मी संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुबोध प्रसाद यादव ने की। कर्मियों का कहना है कि वे पशुधन बचाने के लिए टीकाकरण में रात-दिन मेहनत करते हैं, लेकिन उन्हें स्थायी रूप से कोई पारिश्रमिक नहीं मिलता है। संघ के अध्यक्ष सुबोध प्रसाद यादव ने बताया कि बिहार सरकार द्वारा उन्हें प्रशिक्षण तो दिया गया है, लेकिन इसके बदले कोई मानदेय नहीं मिल रहा है। उन्होंने चांदन पशु चिकित्सालय के प्रभारी विजय कुमार को एक आवेदन भी सौंपा। आवेदन में कहा गया है कि विभाग के आदेशानुसार वे हर समय पशु सेवा के लिए तत्पर रहते हैं, लेकिन स्वास्थ्य सेवा में लगे पल्स पोलियो कर्मियों की तरह भी उन्हें पारिश्रमिक नहीं दिया जाता है। यदि कुछ मिलता भी है, तो वह पांच महीने के विलंब से मिलता है। इस स्थिति के विरोध में प्रखंड के सभी पशु कर्मियों के संयुक्त हस्ताक्षर वाला एक लिखित आवेदन विभाग को भेजा जा रहा है। कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर सरकार गंभीरता से विचार नहीं करती है, तो चांदन प्रखंड के सभी पशु कर्मी पशु टीकाकरण का बहिष्कार करेंगे।