भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान व पूर्व सांसद श्वेत मलिक ने आप सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले किए गए वादे “झूठ का पुलिंदा” साबित हुए हैं। पंजाब के सीएम भगवंत मान के नेतृत्व वाली सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है और प्रदेश की जनता में भारी आक्रोश है। 24 घंटे बिजली आपूर्ति का वादा पूरा नहीं हुआ। हर गांव और वार्ड में 16 हजार क्लीनिक खोलने का दावा भी अधूरा है। महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने की गारंटी पर सवाल उठाते हुए मलिक ने कहा कि यह वादा भी लागू नहीं हुआ। शिक्षा के मुद्दे पर कहा कि पहली कक्षा से ग्रेजुएशन तक नि:शुल्क शिक्षा और अनुसूचित जाति के विद्यार्थियों को विदेश में उच्च शिक्षा के लिए पूरा खर्च वहन करने का वादा भी अधूरा है। मलिक ने आरोप लगाया कि 25 लाख युवाओं को रोजगार देने, बुजुर्गों व दिव्यांगों को 2500 रुपए पेंशन देने और झुग्गी-बस्तियों में पक्के घर उपलब्ध कराने जैसे वादे भी हवा-हवाई साबित हुए। उन्होंने कहा कि मान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश पर कर्ज 4 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो गया है, जिससे हर पंजाबी पर औसतन 1.25 लाख रुपए का बोझ है। विकास कार्य ठप पड़े हैं और 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता आम आदमी पार्टी को करारा जवाब देगी।