नशे का सेवन करते तीन युवक गिरफ्तार

जालंधर| थाना सदर और थाना सात की पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को नशा करते हुए काबू किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशा करने में प्रयुक्त साजो-सामान बरामद कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। थाना सदर के प्रभारी इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि पुलिस टीम 60 फीट रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान एक सुनसान स्थान पर एक युवक को संदिग्ध हालत में बैठा देखा गया। जांच करने पर वह नशे का सेवन करता पाया गया। आरोपी की पहचान बिल्ला पुत्र सरवन निवासी प्रतापपुरा के रूप में हुई है। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से नशा करने में इस्तेमाल किया जाने वाला सामान बरामद किया गया। वहीं थाना सात के प्रभारी सब इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह ने बताया कि बुधवार रात गश्त के दौरान सुभाना रोड के निकट दो युवक सुनसान जगह पर बैठे दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों भागने लगे, लेकिन पीछा कर उन्हें काबू कर लिया गया। तलाशी के दौरान उनके पास से सिल्वर पन्नी, 10 रुपए का नोट और एक लाइटर बरामद हुआ, जिनका उपयोग नशा करने में किया जा रहा था। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *