हरियाणा के 6 शहरों में 10 डिग्री से नीचे तापमान:उत्तर-पश्चिमी हवाओं से रातें ठंडी हुईं, दिन के तापमान में 3.7 डिग्री की बढ़ोतरी

हरियाणा में 18 फरवरी को हुई बारिश का असर अब भी दिख रहा है। बारिश के कारण बढ़ी नमी और उत्तर-पश्चिमी हवाओं से रात के तापमान में गिरावट देखी गई है। न्यूनतम तापमान में औसतन 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे रातें ठंडी हो गई हैं। हरियाणा के 6 शहरों में तापमान 10 डिग्री से नीचे चला गया है जिसमें सोनीपत, हिसार, गुरुग्राम, पानीपत और महेंद्रगढ़ शामिल है। सोनीपत में सबसे कम 8.3°C तापमान दर्ज किया है। हिसार में 9.2°C, गुरुग्राम में 9.4°C, पानीपत में 9.5°C, जींद 9.3°C और महेंद्रगढ़ में 9.7°C तापमान रहा। वहीं, तेज धूप निकलने के कारण दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 19 फरवरी को औसतन अधिकतम तापमान में 3.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई, जिससे दिन में हल्की गर्माहट लौट आई है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री अंबाला में रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे दिन का तापमान धीरे-धीरे और बढ़ सकता है।
दिन का तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री ऊपर
राज्य में औसतन 3.7 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई और तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री ऊपर रहा। अंबाला 27.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। गुरुग्राम में 26.8 डिग्री, भिवानी में 26.3 डिग्री और रोहतक में 23.6 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। हिसार में अधिकतम तापमान 25.0 डिग्री रहा। साफ मौसम और तेज धूप के कारण दिन में गर्माहट महसूस की गई। कई जिलों में तापमान 25 डिग्री के पार पहुंच गया है, जो इस बात का संकेत है कि बारिश का असर खत्म होते ही पारा तेजी से चढ़ने लगा है। रात के पारे में गिरावट जारी
वहीं न्यूनतम तापमान में औसतन 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई, जिससे रातें ठंडी हो गई हैं। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री सोनीपत के सरागथल में रिकॉर्ड किया गया। हिसार में 9.2 डिग्री, करनाल में 10.1 डिग्री, नारनौल में 10.0 डिग्री और गुरुग्राम में 9.4 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। कई जिलों में तापमान 10 डिग्री के आसपास या उससे नीचे बना हुआ है, जिससे सुबह के समय ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। साफ आसमान और हवा में नमी की कमी के कारण रात का तापमान नीचे जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *