यूपी में फरवरी के तीसरे सप्ताह में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। मौसम विभाग की माने तो आज पश्चिमी और मध्य यूपी के 10 से अधिक जिलों में हल्की बारिश की संभावनना है। हालांकि किसी बड़े वेदर सिस्टम के सक्रिय न होने से व्यापक या तेज बारिश की संभावना नहीं जताई गई है। वहीं दिल्ली और मध्य प्रदेश से सटे क्षेत्रों में जारी येलो अलर्ट के चलते एनसीआर और बुंदेलखंड के जिलों में भी हल्की बारिश के आसार हैं। इन जिलों में दिख सकता है असर आगरा, मथुरा, लखनऊ और प्रयागराज समेत कई जिलों में बादलों की आवाजाही तेज हो सकती है। कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी या छिटपुट बारिश दर्ज की जा सकती है। ग्रामीण इलाकों में सुबह-शाम हल्की धुंध भी देखने को मिल सकती है। तापमान में उतार-चढ़ाव पिछले 24 घंटों के दौरान पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बादलों की मौजूदगी के कारण रातें अपेक्षाकृत कम ठंडी रहीं। जहां दिन में मौसम साफ हुआ, वहां अधिकतम तापमान में भी 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हालांकि पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में दिन भर बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में मामूली गिरावट देखी गई। आगे कैसा रहेगा मौसम? मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने कहा – किसी बड़े वेदर सिस्टम के सक्रिय होने के संकेत नहीं हैं। ऐसे में हल्की बारिश के बाद मौसम के शुष्क और साफ होने के आसार हैं। आने वाले दिनों में दिन में हल्की गर्माहट बनी रह सकती है, जबकि रात के तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव जारी रहेगा। किसानों और आम लोगों के लिए सलाह • हल्की बारिश से गेहूं और दलहनी फसलों को लाभ मिल सकता है, लेकिन अधिक नमी की स्थिति में रोगों का खतरा बढ़ सकता है। • सुबह-शाम के समय तापमान में बदलाव को देखते हुए बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।