आज से बरनाला में रुकेगी वंदे भारत:रेल राज्य मंत्री रवनीत बिट्‌टू ने दी जानकारी, दो मिनट का स्टॉपेज, यात्रियों की संख्या के आधार स्थाई

पंजाब के बरनाला में रेल मंत्रालय ने वंदे भारत एक्सप्रेस के स्टॉपेज की घोषणा काफी समय पहले कर दी थी। आज से बरनाला स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस रुकना शुरू हो जाएगी। यह जानकारी रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्‌टू ने सांझा की। बरनाला में वंदे भारत एक्सप्रेस का दो मिनट का स्टॉपेज रहेगा। रवनीत सिंह बिट्‌टू ने अपने वीडियो संदेश में कहा है कि रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने फिरोजपुर कैंट–दिल्ली जंक्शन–फिरोजपुर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस का बरनाला (BNN) स्टेशन पर स्टॉपेज देने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था 20 फरवरी यानि आज से लागू होगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह ठहराव फिलहाल प्रायोगिक है। यात्रियों की संख्या और प्रतिक्रिया के आधार पर इसे स्थायी बनाने पर निर्णय लिया जाएगा। बरनाला और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। वंदे भारत एक्सप्रेस का बरनाला पहुंचने का शेड्यूल ट्रेन संख्या 26462 फिरोजपुर कैंट–दिल्ली जंक्शन वंदे भारत एक्सप्रेस बठिंडा (BTI) से सुबह 9:10 बजे पहुंचकर 9:15 बजे रवाना होगी। इसके बाद बरनाला स्टेशन पर सुबह 9:59 बजे पहुंचेगी और 10:01 बजे प्रस्थान करेगी। आगे यह धूरी जंक्शन (DUI) पर 10:24 बजे पहुंचेगी तथा 10:26 बजे रवाना होगी। वहीं, ट्रेन संख्या 26461 दिल्ली जंक्शन–फिरोजपुर कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस धूरी जंक्शन पर शाम 7:56 बजे पहुंचेगी और 7:58 बजे रवाना होगी। बरनाला स्टेशन पर यह ट्रेन रात 8:20 बजे पहुंचेगी और 8:22 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद बठिंडा में 9:15 बजे पहुंचकर 9:20 बजे रवाना होगी। अमृतसर-मानसी-अमृतसर आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस चलेगी उत्तर रेलवे के फिरोजपुर मंडल के सीनियर डीसीएम परमदीप सिंह सैनी ने बताया कि रेलयात्रियों के लिए रेलवे ने आरक्षित स्पेशल रेलगाड़ियों का संचालन करने का फैसला किया है। उन्होंने बताया कि अमृतसर-मानसी-अमृतसर आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन चलाई जा रही है। आरक्षित स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल
आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन अमृतसर से मानसी के लिए 24 फरवरी, 28 फरवरी व 4 मार्च को चलेगी। यह आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस अमृतसर से रात्रि 20:10 बजे प्रस्थान करके लगभग 30 घंटे के बाद रात्रि 02:30 बजे मानसी पहुंचेगी।
आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन मानसी से अमृतसर के लिए दिनांक 26 फरवरी, 02 मार्च और 6 मार्च को खुलेगी। यह आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन मानसी से सुबह 04:00 बजे प्रस्थान करके लगभग 33 घंटे बाद शाम 13:15 बजे अमृतसर पहुंचेगी।
स्पेशल ट्रेन के ये रहेंगे स्टॉपेज
यात्रियों की सुविधा के लिए मार्ग में यह आरक्षित स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन ब्यास, जालंधर सिटी, फगवाड़ा, ढंडारी कलां, सरहिंद, राजपुरा, अंबाला कैंट, यमुनानगर जगाधरी, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर, गोंडा, गोरखपुर, सीवान, छपरा, सोनपुर, हाजीपुर, शाहपुर पटौरी, बरौनी, बेगुसराय तथा खगड़िया रेलवे स्टेशनों पर दोनों दिशाओं में ठहरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *