MBA पास भाई का मर्डर करके शव घर में दफनाया:कब्र में 100 किलो नमक डाला; झांसी में पिता टीचर थे, मां रिटायर्ड पेशकार

यूपी के झांसी में गाली देने पर MBA पास बड़े भाई की उसके छोटे भाई ने हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने घर के पीछे 5 फीट गहरी कब्र खोदकर शव को दफना दिया। लाश जल्दी गल जाए, इसके लिए उसने कब्र में 100 किलो नमक डाल दिया। घटना 9 फरवरी की है। उस वक्त घर में दोनों भाई ही मौजूद थे, जबकि मां मायके गई हुई थी। हत्या के अगले दिन मां ने फोन किया, लेकिन बड़े बेटे का मोबाइल स्विच ऑफ आया। उन्होंने छोटे बेटे से बात की तो उसने बताया कि भाई कहीं चले गए हैं। आरोपी ने चार दिन तक परिवार को गुमराह किया। फिर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इसके बाद परिजन बेटे की तलाश करते रहे, लेकिन आरोपी भाई को खोजने में रुचि नहीं ले रहा था। इस पर मामा को शक हुआ। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। 19 फरवरी को पुलिस ने आरोपी को थाने बुलाकर पूछताछ की। सख्ती करने पर उसने हत्या की बात कबूल कर ली। पुलिस आरोपी को लेकर घर पहुंची, जहां वह 3 घंटे तक पुलिस को गुमराह करता रहा। रात 12 बजे SSP और मजिस्ट्रेट मौके पर पहुंचे। सख्ती बढ़ने पर आरोपी ने कब्र की जगह बताई। इसके बाद शव बाहर निकाला गया। फिलहाल, आरोपी की पत्नी और साला फरार हैं। उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। घटना प्रेमनगर थाना के बिहारीपुरा मोहल्ले की है। पिता टीचर थे, मां पेशकार से रिटायर्ड
झांसी रेलवे स्टेशन से 5 किमी दूर बिहारीपुरा मोहल्ला है। यहां के रहने वाले मिर्जा अकील बेग प्राइमरी स्कूल में टीचर थे। 2022 में रोड एक्सीडेंट में उनकी मौत हो गई थी। उन्होंने 2500 वर्गफीट में 2 मंजिला मकान बनवाया हुआ था। उनके दो बेटे तारिक बेग और मशारिक हैं। पिता की मौत के बाद आरोपी को मिली थी नौकरी
मां झांसी न्यायालय में पेशकार के पद से रिटायर्ड हैं। दिमागी हालत ठीक न होने के चलते वह अक्सर अपने मायके में भाइयों के पास रहती हैं। उनका मायका बिहारीपुरा से करीब 10 किलोमीटर दूर पुरानी तहसील मोहल्ले में है। मशारिक ने मोहल्ले में ही रहने वाली लड़की से 9 दिसंबर 2025 को लव मैरिज की थी। पुलिस के मुताबिक, जिस दिन मशारिक ने हत्या को अंजाम दिया, उसी दिन उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। तारिक के मामा मोहम्मद सलीम ने बताया कि मिर्जा अकील बेग की मौत के बाद उनके बड़े बेटे तारिक को अनुकंपा पर चपरासी की नौकरी मिल रही थी। तारिक (40) एमबीए कर चुका था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था, इसलिए उसने चपरासी की नौकरी करने से मना कर दिया। इसके बाद यह नौकरी उसके छोटे भाई मशारिक को मिल गई। मशारिक करीब सवा साल से रक्सा थाना क्षेत्र के बाजना गांव के स्कूल में चपरासी के पद पर तैनात है। 9 फरवरी को उसकी मां मायके चली गई थीं। 10 फरवरी को उन्होंने बड़े बेटे तारिक से बात करने के लिए कॉल किया, लेकिन उसका नंबर स्विच ऑफ आया। इसके बाद उन्होंने छोटे बेटे मशारिक को कॉल कर तारिक के बारे में पूछा। मशारिक ने कहा- उसे नहीं मालूम, बड़े भाई कहां हैं। वह शायद कहीं बाहर निकल गए हैं। इसके बाद मां ने अगले दिन भी कॉल की, लेकिन तारिक से बात नहीं हो सकी। दोबारा पूछने पर मशारिक ने फिर वही जवाब दिया। इससे मां को चिंता होने लगी और वह बिहारीपुरा स्थित घर आ गईं। इसके बाद मशारिक ने मां और मामा मोहम्मद सलीम को बताया कि तारिक बेग कहीं गुम हो गए हैं। परिजनों ने तारिक को खोजने का काफी प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद छोटे भाई मशारिक ने 15 फरवरी को प्रेमनगर थाने में बड़े भाई तारिक की गुमशुदगी दर्ज करा दी। उसने पुलिस को बताया कि बड़े भाई फोन घर पर ही छोड़ गए हैं और उनका कहीं पता नहीं चल रहा है। हत्या को गुमशुदगी दिखाने के लिए मशारिक ने सोशल मीडिया पर रील डालकर लोगों से भाई को खोजने की अपील भी की थी। तारिक के गायब होने के बाद से मशारिक का व्यवहार बदला हुआ नजर आ रहा था। ऐसा लग रहा था मानो कुछ हुआ ही न हो। वह भाई को खोजने में भी रुचि नहीं ले रहा था। इस पर मामा को शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने 19 फरवरी को मशारिक से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने बड़े भाई की हत्या की बात कबूल कर ली।

अब पढ़िए आरोपी का कबूलनामा
मशारिक ने पुलिस को पूछताछ में बताया- उसने बड़े भाई तारिक की हत्या 10 फरवरी को कर दी थी। हत्या कर शव को उसने घर के पिछले हिस्से में दफना दिया था। उसकी निशानदेही के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को खोदकर बाहर निकलवाया। 10 फरवरी को भाई तारिक घर के ग्राउंड फ्लोर पर सो रहा था। वह ऊपरी मंजिल पर था। जब वह चाय के लिए नीचे आया। भाई से कमरे का गेट खुलवाया तो उसने उसे खूब गालियां दीं। इसके बाद उसने भी उसे गाली दी। दोनों के बीच बहस होने लगी। तारिक ने चाकू उठा लिया, जिसके बाद मैंने कुल्हाड़ी उठाकर उसके माथे और गले पर वार कर दिया। इससे तारिक की मौत हो गई। भाई की मौत हो जाने के बाद वह डर गया था। उसने भाई की लाश को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। उसने सोचा कि अगर वह घर के पिछले हिस्से में गड्ढा खोदकर भाई की लाश को छिपा देगा तो किसी को पता भी नहीं चलेगा। जिसके बाद उसने अपने घर के पिछले हिस्से में बने आंगन में 5 गहरा गड्ढा खोदा। इसके बाद बाजार से एक क्विंटल किलो खड़ा नमक खरीद कर लाया। लाश को गड्ढे में दफना कर लाश के ऊपर नमक डाल दिया। उसके बाद कुल्हाड़ी और चाकू को भी घर में छिपा दिया था।
एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया- एक युवक के लापता होने की शिकायत परिजन ने दर्ज कराई थी। पुलिस उस केस की जांच कर रही थी। इस केस में पूछताछ के लिए लापता हुए युवक को हिरासत में लिया गया। गुरूवार रात उसने हत्या की बात कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर उसके घर से ही भाई की लाश बरामद कर ली गई। फॉरेंसिक टीम और पुलिस ने सबूत जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पुलिस हर एक एंगल पर जांच कर रही है। इस हत्याकांड में जो भी दोषी होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा। —– ये खबर भी पढ़ें कार नहर में गिरी, कारोबारी, पत्नी और बेटे की मौत:औरेया में रात भर गाड़ी पड़ी रही, सुबह टायर दिखा, शादी के फंक्शन से लौट रहे थे औरैया में बेकाबू कार 20 फीट गहरी नहर में गिर गई। हादसे में कारोबारी, उनकी पत्नी और बेटे की मौत हो गई। पूरा परिवार रिश्तेदार की बेटी की शादी के फंक्शन में शामिल होकर इटावा से औरैया आ रहा था। पूरी खबर पढ़ें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *