नवजोत कौर का पंजाब कांग्रेस प्रधान वडिंग पर फिर हमला:बोलीं- 2400 करोड़ का घोटाला किया व जमीन हड़पी, जेल जाने को तैयार रहें

पंजाब कांग्रेस प्रधान अमरेंदर सिंह राजा वडि़ंग पर पार्टी की पूर्व नेता नवजोत कौर के नए आरोप से फिर सियासी घमासान तेज हो गया है। पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने पंजाब कांग्रेस प्रधान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने चेतावनी दी की घोटाले के कारण वडि़ंग जेल जाने को तैयार रहें डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझी करते हुए वडि़ंग पर सीधा हमला बोला। इसमें कहा कि “देखिए कौन बोल रहा है? राजा वड़िंग जी, पहले अदालत में जवाब दीजिए कि जिरकपुर में 100 एकड़ जमीन कैसे खरीदी? उन्होंने आरोप लगाया कि कथित तौर पर 40 एकड़ जमीन तो ‘लूटे गए पैसे’ से खरीदी गई, जबकि 60 एकड़ जमीन मासूम लोगों से फर्जी हस्ताक्षर व अंगूठे के निशान लेकर हड़पी गई। अदालत में जवाब देने और जेल जाने के लिए तैयार रहें अपने पोस्ट में उन्होंने 2400 करोड़ रुपये के कथित घोटाले का भी जिक्र किया और इसे राजस्थान से जुड़े पूर्व पंजाब कांग्रेस प्रभारी के साथ जोड़ते हुए गंभीर सवाल खड़े किए। डॉ. सिद्धू ने चुनौती भरे लहजे में कहा कि “अदालत में जवाब दीजिए और जेल जाने के लिए तैयार रहिए। साथ ही उन्होंने तंज कसते हुए ‘बेस्ट ऑफ लक’ भी कहा। इस बयान के बाद पंजाब कांग्रेस में सियासी हलचल तेज हो गई है। जहां एक तरफ कांग्रेस के भीतर गुटबाजी की चर्चाएं पहले से चल रही थीं, वहीं अब यह मामला खुलकर सार्वजनिक मंच पर आ गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में यह विवाद और गहरा सकता है, खासकर यदि आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी रहा। फिलहाल राजा वड़िंग की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है। लेकिन इतना तय है कि इस बयान ने पंजाब की सियासत में नई बहस छेड़ दी है और मामला अब राजनीतिक से अधिक कानूनी मोड़ ले सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *