लुधियाना जिले के जगराओं के सिधवा बेट थाना क्षेत्र के गांव कनिया हुसैनी में छेड़छाड़ और धमकियों से परेशान होकर एक युवती ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है, जो फिलहाल फरार है। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिधवा बेट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। आरोपी की पहचान कनिया हुसैनी निवासी अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श पुत्र कश्मीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। छेड़छाड़ से मानसिक तनाव में थी युवती मामले के संबंध में जानकारी देते हुए थाना सिधवा बेट की चौकी गिद्दड़विडी के इंचार्ज राजवरिंदरपाल सिंह ने बताया कि कनिया हुसैनी निवासी महिला ने पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि आरोपी पिछले कुछ दिनों से उनकी बेटी को कथित तौर पर परेशान कर रहा था, जिससे वह मानसिक तनाव में थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे आरोपी ने फोन कर कहा कि उसके पास कविता से हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग है। उसने धमकी दी कि यदि शादी नहीं की गई तो वह रिकॉर्डिंग वायरल कर देगा। इसके बाद आरोपी ने युवती को भी फोन पर धमकाया। सतलुज नदी पुल के पास निगला जहरीला पदार्थ महिला ने बताया कि युवती ने आरोपी से कहा था कि यदि उसने उसे तंग करना बंद नहीं किया तो वह जहरीली दवाई पी लेगी। आरोप है कि इस पर आरोपी ने लापरवाही भरा जवाब देते हुए कहा कि उसे कोई फर्क नहीं पड़ता। इस घटना से आहत होकर युवती ने गांव खुरशैदपुरा के पास सतलुज नदी पुल के नजदीक जहरीला पदार्थ निगल लिया। इलाज के लिए ले जाते वक्त तोड़ा दम परिजनों को जानकारी मिलने पर युवती को तुरंत गांव की क्लिनिक ले जाया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए उसे बड़े अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन जब उसे जिला मोगा के अस्पताल ले जा रहे थे, तो रास्ते में ही युवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।