विविधता भारत की पहचान, एकरूपता से बगीचा खराब होगा:मोहन भागवत को अरुण भारती की नसीहत, शशि थरूर पर पलटवार-भारत की AI-टेक्नोलॉजी पर सवाल उठाना गलत

लोजपा रामविलास सांसद अरुण भारती ने मोहन भागवत के ‘घर वापसी’ संबंधी बयान पर उन्हें नसीहत दी है। अरुण भारती ने कहा कि, ‘भारत एक ऐसा बाग है, जहां सभी तरह के फूल है। कौन कहां से आया, हम लोग इस विवाद में पड़ना नहीं चाहते।’ अरुण भारती ने कहा, ‘भारत की पहचान उसकी विविधता है। अलग-अलग विचार, अलग-अलग संस्कृति और अलग-अलग समुदायों का सम्मान होना चाहिए। यदि पूरे देश को एक ही रंग में रंगने की कोशिश होगी तो पूरा बगीचा ही खराब हो जाएगा।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक विविधता को बनाए रखना ही देश की मजबूती है, और सभी विचारधाराओं को अपना स्थान मिलना चाहिए।’ शशि थरूर द्वारा AI समिट पर टिप्पणी को लेकर पलटवार अरुण भारती ने शशि थरूर द्वारा AI समिट पर टिप्पणी को लेकर प्रतिक्रिया दिया है। उन्होंने कहा कि, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के साथ-साथ भारत में उभरती प्रारंभिक प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में देश “दिव्य गति” से प्रगति कर रहा है। किसी एक संस्थान की त्रुटि को आधार बनाकर पूरे भारत की AI और टेक्नोलॉजी व्यवस्था पर सवाल उठाना सरासर गलत है।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘एक संस्थान की गलती को पूरे देश की तकनीकी क्षमता से जोड़ना उचित नहीं है। हमें पूरे समावेशी दृष्टिकोण से भारत की उपलब्धियों को देखना चाहिए।’ अरुण भारती ने आगे कहा, ‘जिस तरह भारत AI के क्षेत्र में काम कर रहा है, वह भविष्य में देश को तकनीकी रूप से विकसित राष्ट्रों के साथ प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम बनाएगा। आने वाले समय में AI देश की अर्थव्यवस्था, प्रशासन और विकास की गति को नई दिशा देगा।’ सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर अरुण भारती की संयमित प्रतिक्रिया सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए अरुण भारती ने कहा कि, ‘वह इस विषय पर अधिक टिप्पणी नहीं करना चाहते। हालांकि, भारत एक वेलफेयर स्टेट है, जहां सभी नागरिकों की आर्थिक स्थिति समान नहीं होती। हमारे समाज में कुछ ऐसे वर्ग हैं जिन्हें सरकारी मदद की आवश्यकता होती है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह हर जरूरतमंद व्यक्ति का ध्यान रखें।’ अरुण भारती ने कहा कि,’अब इस पर सरकार किस रूप में और किस नीति के तहत आगे कदम बढ़ाती है, यह देखना होगा। लेकिन यह स्पष्ट है कि कल्याणकारी राज्य की भावना के तहत जरूरतमंदों को सहायता देना आवश्यक है।’ राज्यसभा उम्मीदवार पर फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे- अरुण भारती राज्यसभा चुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अरुण भारती ने कहा कि, ‘यह निर्णय गठबंधन स्तर पर आपसी सहमति से लिया जाएगा।’ उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘पार्टी की ओर से राज्यसभा के लिए कौन उम्मीदवार होगा, इस पर अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के दिशा-निर्देश के अनुसार होगा। जो भी निर्णय राष्ट्रीय अध्यक्ष लेंगे, हम उसी के अनुरूप काम करेंगे।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *