लुधियाना के खन्ना में एक पुलिसकर्मी की बहन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस मामले में तनाव की स्थिति बनी हुई है, क्योंकि मृतका के ननिहाल पक्ष ने हत्या का आरोप लगाया है, जबकि पुलिसकर्मी इसे आत्महत्या बता रहा है। पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, खन्ना के गुरु हरिकृष्ण नगर निवासी 28 वर्षीय सिमरनजीत कौर उर्फ काजल की गुरुवार को अचानक मौत हो गई। जब परिवार अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहा था, तभी काजल का ननिहाल पक्ष वहां पहुंचा। उन्होंने शव के गले पर निशान देखे, जिससे उन्हें हत्या का संदेह हुआ। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और झगड़ा हो गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। ननिहाल पक्ष के लोगों ने किया प्रदर्शन पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका के माता-पिता का निधन हो चुका है, और वह अपने भाई के परिवार के साथ ही रहती थी। पुलिस ने मृतका के भाई के बयान दर्ज कर बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई शुरू की है। शुक्रवार को मृतका का ननिहाल पक्ष दोबारा सरकारी अस्पताल पहुंचा और पुलिस की कार्रवाई पर असंतोष जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। स्थिति को संभालने के लिए डीएसपी विनोद कुमार मौके पर पहुंचे और परिवार को निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया। हत्या किए जाने का लगाया आरोप मृतका के ननिहाल पक्ष का आरोप है कि काजल की हत्या की गई है। उनका कहना है कि घर में अक्सर झगड़ा रहता था और काजल मानसिक रूप से परेशान रहती थी। इसके अलावा बिना सूचना दिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार की तैयारी किए जाने से भी उनका शक और बढ़ गया। डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने सभी पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं। शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू से सच्चाई सामने लाने के लिए तीन डॉक्टरों के बोर्ड द्वारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम की पूरी वीडियोग्राफी भी करवाई जा रही है, ताकि जांच में किसी तरह की कमी न रह जाए। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।