अवतार नगर में जनरल स्टोर पर चोरी, दो हिरासत में

भास्कर न्यूज | जालंधर अवतार नगर स्थित छाबड़ा जनरल स्टोर में देर रात चोरों ने ताले तोड़कर 35 हजार रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना का पता सुबह दुकान खोलने पहुंचे मालिक जतिन को चला, जिसके बाद उन्होंने तुरंत थाना भार्गव कैंप पुलिस को सूचना दी। जतिन ने बताया कि वह गुरुवार रात रोजाना की तरह दुकान बंद कर घर चले गए थे। शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे उनके बेटे युवी ने दुकान के ताले टूटे देखे और उन्हें जानकारी दी। अंदर जाकर देखा तो तिजोरी से 35 हजार रुपए गायब थे। यह राशि मंडी में भुगतान के लिए रखी गई थी। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, रात करीब 3:30 बजे एक युवक मुंह ढककर दुकान के अंदर घुसा। उसने सीधे तिजोरी को खंगाला और नकदी निकालकर फरार हो गया। वारदात के दौरान आसपास सड़क पर आवाजाही भी थी, जिससे क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। थाना पुलिस का कहना है कि पीड़ित के बयान के आधार पर केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *