पानीपत में खनन माफिया का दुस्साहस:पुलिस को रोककर जबरन छुड़ाई मिट्टी से भरी गाड़ी; SI को धमकी, कहा- पहले भी समझाया, पंगा मत लेना

पानीपत जिले के इसराना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव लुहारी में अवैध खनन रोकने गई ‘हरियाणा राज्य प्रवर्तन ब्यूरो’ (HSENB) की टीम पर हमला करने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है। खनन माफिया के गुर्गों ने न केवल सिपाही को गाड़ी से नीचे उतारा, बल्कि पकड़ी गई गाड़ी को भी जबरन छीनकर फरार हो गए। SI सुरेंद्र कुमार की शिकायत पर थाना इसराना पुलिस ने मदनलाल, गाड़ी मालिक बारू और 4-5 अन्य अज्ञात युवकों के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने, पुलिस हिरासत से गाड़ी छीनने और अवैध खनन की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की गिरफ्तारी और छीनी गई गाड़ी की बरामदगी के लिए छापेमारी कर रही है। मुखबिर की सूचना पर हुई थी छापेमारी HSENB में तैनात SI सुरेंद्र कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 20 फरवरी 2026 को वे अपनी टीम (EHC अमनदीप, सिपाही बलराम और अमिताब) के साथ नौल्था क्षेत्र में खनन चेकिंग ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गाड़ी नंबर HR63E 4384 गांव लुहारी के खेतों से बिना किसी ई-रवाना या अनुमति के मिट्टी उठा रही है। सिपाही को गाड़ी से उतारा, 4-5 लड़कों ने छीनी गाड़ी जब पुलिस टीम ने मिट्टी से भरी गाड़ी को रोककर दस्तावेज मांगे, तो ड्राइवर कोई कागज पेश नहीं कर सका। इसी बीच सुताना निवासी मदनलाल वहां पहुंचा और पुलिस पर दबाव बनाने लगा। SI सुरेंद्र ने नियम के मुताबिक सिपाही बलराम को गाड़ी में बैठाकर उसे आरटीए पार्किंग झटीपुर भेजने का निर्देश दिया। आरोप है कि रास्ते में आरोपियों ने कार नंबर HR26CM 2871 को पुलिस की गाड़ी के आगे अड़ा दिया। इसके बाद 4-5 युवकों ने सिपाही बलराम के साथ धक्का-मुक्की कर उसे जबरन गाड़ी से नीचे उतार दिया और मिट्टी से भरी गाड़ी को छीनकर भाग गए। जाते-जाते आरोपियों ने मिट्टी को सड़क पर ही खाली कर दिया। “पंगा मत लेना…” – पुलिस को सरेआम धमकी शिकायत के अनुसार, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो आरोपी मदनलाल ने वहां भी पुलिसकर्मियों को धमकी दी। उसने कहा, “मैंने पहले ही कहा था पंगा मत लेना, गाड़ी पार्किंग में नहीं पहुंचेगी।” पुलिस ने मौके पर सड़क पर बिखरी मिट्टी और घटना की फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी कर ली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *