जालंधर में चोर को फूलमाला पहनाकर घुमाया:दुकानों से महंगे चॉकलेट और देसी घी चुराता था; माता-पिता बोले- हमारा बेटा चोर है

जालंधर में किराना, कॉन्फेक्शरी और बेकरी शॉप्स से महंगे चॉकलेट और देसी घी चुराने वाले युवक को दुकानदारों ने पकड़ लिया। इसके बाद दुकानदारों ने युवक को पीटा नहीं, बल्कि फूलों का हार मंगवाकर उसके गले में डाला और बाजार में घुमाया। इसके बाद युवक को एक दुकान के आगे बैठा दिया, ताकि इलाके के सारे दुकानदार उसे देख सकें और अलर्ट रहें। इसके साथ ही सभी दुकानदारों ने फैसला लिया कि इस युवक को अब दुकान में नहीं घुसने देंगे। आरोपी युवक के माता पिता ने भी मान लिया कि उनका बेटा चोर है। मोहल्ले में कोई सामान बाहर पड़ा दिख जाए, वह उसे उठाकर बेच देता है। आरोपी की पहचान बस्ती एरिया में रहने वाले शिव (26) के रूप में हुई है। उसने बताया है कि वह मिठाई की नामी दुकान में बिलिंग करता था। वहां उसे चिट्‌टे की लत लग गई। इसके बाद वह चोरियां करने लगा। युवक को पुलिस के हवाले नहीं किया गया, बल्कि बाद में उसे छोड़ दिया गया। युवक 4 दुकानों में चोरी कर चुका जानकारी के मुताबिक, कई दिनों से बस्ती एरिया के दुकानदारों को दुकान से चॉकेलेट और देसी घी के डिब्बे गायब होने का शक था। इसके बाद जब उन्होंने कैमरे चेक किए गए और एक-दूसरे दुकानदार के साथ बात की तो 4 दुकानों में इस तरह की घटना हो चुकी थी। सभी दुकानों के सीसीटीवी का मिलान किया तो दुकानदारों को एक ही युवक दिखा। वह युवक जान-पहचान का था। इसके बाद दुकानदार शक के आधार पर बस्ती में ही युवक के घर पहुंचे। वहां उन्होंने परिवार को उनके बेटे की करतूत बताई तो परिवार को कोई आश्चर्य नहीं हुआ। माता पिता बोले- हमारा चोर बेटा है युवक के परिवार ने कहा कि उनका बेटा चोर है। इसके बाद दुकानदारों ने कहा कि हम इसकी शक्ल पूरे शहर को दिखाना चाहते हैं, ताकि दुकानदार अलर्ट रहें। इस पर परिवार ने बेटे को दुकानदारों को सौंप दिया। दुकानदार मंगत और नवदीप ने बताया कि इसने उनकी बेकरी से चॉकलेट और घी के डिब्बे चुराए हैं। चिट्टे की लत ने एकाउंटेंट से चोर बनाया पकड़े गए युवक ने अपना नाम शिव बताया। उसने बताया कि वह शहर की एक नामी मिठाई की दुकान पर एकाउंटेंट का काम करता था। उसका काम बिलिंग वगैरह करने का था। इसी दौरान उसे कुछ लोग मिल गए, जिन्होंने पहले कैप्सूल, फिर चिट्टे की लत लगा दिया। युवक ने रोते-रोते बताया कि अब वह चिट्टा पीता है। चोरी का सामान बस स्टैंड के पास एक दुकान पर बेचता है। उसने कहा- जब मैं चिट्टा पी लेता हूं तो माइंड काम नहीं करता। यह भी पता नहीं चलता कि मैं क्या कर रहा हूं? पुलिस के न आने पर दुकानदारों ने युवक को छोड़ा दुकानदारों ने युवक को पकड़ने के बाद पुलिस को फोन किया। दुकानदारों का आरोप है कि पुलिस 2 घंटे तक नहीं पहुंची। जब पहुंची तब तक उन्होंने युवक को छोड़ दिया था। उन्होंने कहा कि वैसे भी उनका मकसद युवक का चेहरा सभी दुकानदारों को दिखाना था। वहीं, मौके पर पहुंचे भार्गव कैंप के एएसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि वह लेट नहीं पहुंचे हैं, बल्कि उन्हें 10 मिनट पहले ही सूचना मिली थी। जब तक वह पहुंचे तो लोगों ने चोर को छोड़ दिया। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के साथ ही यहां के लिए निकल गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *