हरियाणा के रोहतक जिले में एक ब्रेजा कार लावारिस हालत में खड़ी मिली, जिसके अंदर और बाहर खून ही खून पड़ा हुआ था। इसके साथ ही 20 गोलियों के खाली खोल भी पड़े हुए थे। गोलियां लगने से शीशे भी चकनाचूर हो गए थे। मगर, कार के अंदर कोई नहीं था। राहगीरों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आईएमटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक का पता किया तो वह किसी सत्यवान के नाम पर दर्ज मिली। इसके बाद पुलिस ने सत्यवान का पता किया तो जानकारी मिली की वह हत्या के मामले में जेल में बंद था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने उससे संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। फिलहाल, पुलिस ने कार मालिक की तलाश शुरू कर दी है। सिलसिलेवार ढंग से जानिए फायरिंग का यह पूरा मामला… 2018 में हुई हत्या में नामजद है सत्यवान
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी सामने आई है, उसमें गाड़ी का मालिक सत्यवान हत्या के मामले में सजा काट रहा था और जमानत पर बाहर आया था। सत्यवान ने 2018 में गांव के ही रहने वाले धर्मेंद्र की हत्या की थी। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच रंजिश चल रही है। इसी मामले में सत्यवान जेल में सजा काट रहा है। एसपी से मिलने पहुंच सत्यवान के परिवार के लोग
उधर, इस मामले में सत्यवान के परिवार के लोग शनिवार की दोपहर एसपी रोहतक से मिलने पहुंचे। उन्होंने इस मामले को रंजिश से जुड़ा होना बताया। इस संबंध में आईएमटी थाना पुलिस ने बताया कि उनके पास किसी व्यक्ति से मिसिंग होने की सूचना भी नहीं मिली है। राहगीर ने मामले की सूचना दी थी, जिसके बाद पुलिस पहुंची है और जांच शुरू कर दी। पुलिस गाड़ी मालिक के घर जाकर भी पूछताछ करेगी।