टोहाना में अभय चौटाला का सरकार और कांग्रेस पर हमला:14 लाख राशन कार्ड रद्द करने पर सवाल उठाए, बोले- विधानसभा में उठाएंगे मुद्दा

इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी अब सरकार द्वारा काटे गए 14 लाख पीले राशन कार्डों का मुद्दा उठाएगी। उन्होंने कहा कि इनेलो ने पहले भी बुजुर्गों की पेंशन बढ़वाने और समय पर दिलवाने का काम किया है। अभय सिंह चौटाला शनिवार को टोहाना में अपने भांजे कुणाल करण सिंह के निवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। चौटाला ने सरकार पर निशाना साधते हुए 14 लाख राशन कार्ड रद्द करने पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा, “यदि ये कार्ड गलत बने थे, तो सरकार ने पहले इन्हें क्यों जारी किया? और यदि जारी किए थे, तो अब इन्हें क्यों रद्द किया जा रहा है?” उन्होंने चेतावनी दी कि जब गरीब आदमी सड़कों पर उतरेगा, तभी सरकार को अपनी गलती का एहसास होगा। अभय बोले- बढ़वाई जाएगी बुजुर्गों की पेंशन इनेलो सुप्रीमो ने कांग्रेस पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बुजुर्गों की पेंशन जारी करवाने का श्रेय लेने का प्रयास कर रही है, जबकि प्रदेश की जनता सच्चाई जानती है। उन्होंने दावा किया कि इनेलो ने ही सरकार को मजबूर करके बुजुर्गों की पेंशन बढ़वाई और समय पर दिलवाई। अभय सिंह चौटाला ने बताया कि मौजूदा विधानसभा सत्र में इनेलो मुख्यमंत्री के उस बयान पर जवाब मांगेगी, जिसमें उन्होंने 1 लाख 5 हजार बुजुर्गों की पेंशन काटने का कारण उनकी मृत्यु बताया था। इनेलो विधायक सरकार से ऐसे मृत बुजुर्गों की नाम सहित सूची उपलब्ध कराने की मांग करेंगे। बजट सत्र पर टिप्पणी करते हुए चौटाला ने कहा कि सरकार के बजट से प्रदेश के विकास की उम्मीद नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि हर बार सरकार प्रदेश पर कर्ज बढ़ाती है, जो इस बार 4 लाख करोड़ रुपए से अधिक हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *