8 साल पहले अपहृत लड़की तीन बच्चों संग मिली:बोचहाँ पुलिस ने बरामद किया, कोर्ट के आदेश पर ससुराल भेजा

मुजफ्फरपुर जिले के बोचहाँ थाना क्षेत्र से आठ साल पहले अपहृत हुई एक युवती को पुलिस ने शनिवार को बरामद कर लिया है। युवती को बोचहाँ के पुरानी बाजार से बरामद किया गया, जो अब तीन बच्चों की मां है। पुलिस ने बरामदगी के बाद युवती को थाने लाकर घटनाक्रम के संबंध में पूछताछ की। इसके बाद उसे बयान दर्ज कराने के लिए पुलिस अभिरक्षा में न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय में युवती का बयान कलमबद्ध किया गया। न्यायालय ने युवती और उसके बच्चों को ससुराल पक्ष को सौंपने का आदेश दिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे ससुराल पक्ष को सौंप दिया। मामले के अनुसार, युवती आठ साल पहले प्रेम प्रसंग में अपने प्रेमी युवक के साथ फरार हो गई थी। युवती के परिजनों ने वर्ष 2017 में थाने में अपहरण का मामला दर्ज कराया था और उसकी बरामदगी की गुहार लगाई थी। बोचहाँ थाना प्रभारी श्रीकांत चौरसिया ने बताया कि आठ साल पुराने अपहरण के मामले में एक युवती को बरामद किया गया है, जो अब तीन बच्चों की मां है। कांड के अनुसंधानक ने युवती का बयान दर्ज कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया था। न्यायालय में बयान दर्ज होने के बाद युवती को ससुराल पक्ष को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *